search

देश में पहली बार औली ने रचा नया कीर्तिमान, दूधिया रोशनी में दिखा नाइट स्कीइंग का रोमांच

Chikheang Yesterday 20:56 views 82
  

उत्तराखंड के चमोली जनपद में स्थित औली में आयोजित किया गया नाइट स्कीइंग का रोमांच।



देवेंद्र रावत, गोपेश्वर (चमोली)। विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थल औली ने रविवार रात एक नया कीर्तिमान रच दिया। अभी तक केवल दिन की रोशनी में चमकने वाली औली की श्वेत ढलानों पर पहली बार दूधिया रोशनी के बीच नाइट स्कीइंग का रोमांच देखने को मिला।

विंटर गेम्स एसोसिशन आफ उत्तराखंड की ओर से आयोजित इस अनूठी प्रतियोगिता ने साबित कर दिया कि उत्तराखंड का यह पर्यटन केंद्र अब यूरोप और अमेरिका के स्की-रिसार्ट्स को टक्कर देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

आमतौर पर विदेशों में होने वाले इस तरह के नाइट इवेंट्स को भारत में पहली बार जमीन पर उतारा गया। कड़ाके की ठंड और ऊंचाइयों पर जमी बर्फ के बीच जब फ्लड लाइट्स जलाई गईं तो पूरा नजारा किसी जादुई दुनिया जैसा नजर आने लगा।

इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड के स्थानीय जांबाजों के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से आए स्कीइंग खिलाड़ियों ने भी हिस्सा लिया।

रात के अंधेरे में स्की पर सवार होकर ढलानों से नीचे उतरते खिलाड़ियों का कौशल देख पर्यटक और आयोजक दांतों तले अंगुली दबाने को मजबूर हो गए।
औली को ग्लोबल प्रमोट करने का बड़ा मिशन

विंटर गेम्स एसोसिएशन के सह सचिव एवं कोच अजय भट्ट ने इस ऐतिहासिक आयोजन पर खुशी जताते हुए कहा कि औली में दिन के समय कई बार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं हुई हैं, लेकिन नाइट स्कीइंग का यह पहला अनुभव है।

विदेशों में नाइट स्कीइंग एक बड़ा आकर्षण होती है। भारत में इसकी शुरुआत कर हमारा मुख्य मकसद औली को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करना है। हम दुनिया को बताना चाहते हैं कि औली में अब रात को भी स्कीइंग का रोमांच थमेगा नहीं।
पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया आयाम

विशेषज्ञों का मानना है कि \“नाइट स्कीइंग\“ की शुरुआत से उत्तराखंड में \“नाइट लाइफ टूरिज्म\“ को बढ़ावा मिलेगा। इससे न केवल पर्यटकों के रुकने की अवधि बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय होटल व्यवसायियों, होमस्टे और गाइडों की आय में भी जबरदस्त वृद्धि होगी।

विंटर गेम्स एसोसिएशन का लक्ष्य औली को सीजनल डेस्टिनेशन की जगह एक पूर्णकालिक साहसिक केंद्र के रूप में विकसित करना है।
मुख्य आकर्षण और उपलब्धि

  • ऐतिहासिक शुरुआत: देश के किसी भी स्कीइंग सेंटर पर पहली बार आयोजित हुआ नाइट इवेंट।
  • प्रतिभागी: स्थानीय खिलाड़ियों सहित देश के अन्य राज्यों से आए दिग्गज स्कीयर्स ने दिखाया जौहर।
  • तकनीक: अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप फ्लड लाइट्स और सुरक्षा इंतजामों का सफल प्रयोग।
  • भविष्य की राह: इस आयोजन की सफलता के बाद अब औली में नियमित रूप से नाइट स्कीइंग उत्सव आयोजित करने की योजना है।


यह भी पढ़ें- औली राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप: स्कीयर्स ने ढलानें नापी तो पर्यटकों ने भी उठाया लुत्फ

यह भी पढ़ें- औली में राष्ट्रीय स्की चैंपियनशिप: देशभर के स्कीयर और सैलानी जुटे

यह भी पढ़ें- औली नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप: हिमाचल प्रदेश ने पहले दिन जीते तीनों पदक
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
162370