41 टोल प्लाजा पर ई डिटेक्शन सिस्टम। सांकेतिक तस्वीर
राज्य ब्यूरो, पटना। परिवहन विभाग सड़क सुरक्षा को मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए राज्य के कुल 41 टोल प्लाजा पर अत्याधुनिक ई-डिटेक्शन सिस्टम के माध्यम से ऑनलाइन ई-चालान की कार्रवाई करेगा।
इन टोल प्लाजा से गुजरने वाले ऐसे वाहन जिनके पास वैध इंश्योरेंस, फिटनेस प्रमाण-पत्र अथवा प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं होगा, उनका चालान खुद ऑनलाइन कट जाएगा।
अभी तक 31 टोल प्लाजा पर थी ये व्यवस्था
परिवहन सचिव राज कुमार ने बताया कि पूर्व में राज्य के 31 विभिन्न टोल प्लाजों पर ई-डिटेक्शन सिस्टम के माध्यम से ई-चालान की व्यवस्था लागू की गई थी।
इसके सकारात्मक परिणामों के बाद अब इसका विस्तार करते हुए अतिरिक्त टोल प्लाजा को इस प्रणाली से जोड़ा गया है, जिससे पूरे राज्य में जुर्माने की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
उनके अनुसार आधुनिक तकनीक के उपयोग से प्रवर्तन तंत्र को सशक्त किया जा रहा है, ताकि नियमों का अनुपालन सुनिश्चित हो सके।
फिटनेस, इंश्योरेंस और पाॅल्यूशन अप-टू-डेट नहीं तो होगा जुर्माना
उन्होंने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज इंश्योरेंस, फिटनेस एवं प्रदूषण प्रमाण-पत्र समय पर नवीनीकृत कराएं और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें।
ई-डिटेक्शन सिस्टम से न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में भी सहायता मिलेगी। यह प्रणाली राष्ट्रीय स्तर पर संचालित राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के तकनीकी सहयोग से वाहन पंजीकरण एवं संबंधित दस्तावेजों के केंद्रीय डाटाबेस से एकीकृत है।
जैसे ही कोई वाहन टोल प्लाजा से गुजरता है, कैमरों द्वारा उसका नंबर प्लेट, फास्टैग स्कैन किया जाता है और संबंधित डाटाबेस से मिलान कर यह सत्यापित किया जाता है कि वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज वैध हैं या नहीं। यदि दस्तावेज अद्यतन नहीं पाया जाता है, तो संबंधित प्रावधानों के तहत स्वचालित रूप से ई-चालान जारी हो जाता है। |