search

Himachal Weather: हिमाचल में 17-18 फरवरी को बर्फबारी की संभावना, शिमला की रातें कांगड़ा-ऊना से अधिक गर्म

cy520520 2026-2-15 06:56:13 views 1065
  

हिमाचल में 17-18 फरवरी को बर्फबारी की संभावना। फाइल फोटो



राज्य ब्यूरो, शिमला। प्रदेश में पिछले कई दिनों से साफ चल रहे मौसम में अब बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 15 और 16 फरवरी को राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा।

लेकिन 17 और 18 फरवरी को सक्रिय होने वाले हल्के पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पर्वतीय क्षेत्रों में हल्का हिमपात और कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। शिमला, कुल्लू, चंबा, लाहुल-स्पीति और किन्नौर के ऊंचे क्षेत्रों में हल्का हिमपात हो सकता है।

जबकि भारी हिमपात होने की कोई चेतावनी नहीं है। 19 और 20 फरवरी को फिर से मौसम साफ रहने का अनुमान है। राज्य में ठंड का असर अभी भी बना हुआ है और जनजातीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है।

पर्यटन स्थल शिमला की रातें इस समय कई मैदानी और निचले क्षेत्रों से अधिक गर्म चल रही हैं। शनिवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से लगभग तीन डिग्री अधिक है। इसके विपरीत ऊना में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री, कांगड़ा में 6.7 डिग्री, मंडी में 6.8 डिग्री और बरठीं में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान औसतन न्यूनतम तापमान में लगभग 0.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ है, जबकि निचले इलाकों में कहीं-कहीं कोहरे की स्थिति देखने को मिली। मंडी क्षेत्र में घना कोहरा भी दर्ज किया गया, जिससे दृश्यता कम रही।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। इससे तापमान में फिर गिरावट आ सकती है। हालांकि अभी तक भारी बर्फबारी की संभावना नहीं जताई गई है।

इस सर्दी के मौसम में 23 और 24 जनवरी को शिमला और मनाली में मौसम का पहला भारी हिमपात हुआ था। शिमला शहर में कई वर्षों बाद अच्छी बर्फबारी हुई थी। इससे पर्यटन गतिविधियों में भी बढ़ोतरी हुई थी। अब फरवरी के तीसरे सप्ताह में एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना ने मौसम को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
164725