जागरण संवाददाता, झांसी। संसद में हंगामे का कारण बन रही यूएस ट्रेड डील को लेकर प्रदेश के कृषि मंत्री ने एक बार फिर स्थिति साफ करते हुए विपक्ष पर प्रहार किया है। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि यूएस ट्रेड डील से किसानों को बाहर रखा गया है।
इस डील से किसानों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल व केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी स्पष्ट कर चुके हैं, लेकिन विपक्ष किसानों को भ्रमित करने का काम कर रहा है और संसद में शोर-शराबा कर तथ्य को छिपाना चाहता है।
अखिल भारतीय किसान मेला व कृषि प्रदर्शनी का शुभारम्भ करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दावा किया कि यूएस डील में कृषि की अधिकांश चीजों को बाहर रखा गया है। गेहूँ, मक्का और डेयरी प्रोडक्ट को लेकर कोई डील नहीं हुई है। किसानों को किसी भी प्रकार से भ्रमित होने की जरूरत नहीं है। विपक्ष का काम केवल किसानों को गुमराह करना तथा गलत तथ्यों को लोगों के बीच प्रसारित करना है।
लोगों में पैदा हो जाता है भ्रम
संसद में विपक्ष से जब तथ्य सामने रखने की बात कही जाती है, तो वह संसद से भाग जाते हैं। वह शोर-शराबा कर तथ्य व सत्य को छिपाना चाहते हैं। 100 बार झूठ बोलते रहो, तो लोगों में भ्रम पैदा हो ही जाता है। कांग्रेस व सपा भी यही काम कर रही है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों के जमाने में ललितपुर व बुन्देलखण्ड के जनपदों में पीने का पानी मालगाड़ी से मँगाना पड़ता था और कोई ऐसा जनपद नहीं था, जहाँ हर माह 4-5 किसान आत्महत्या न करते हों, आश्चर्य है कि आज वह लोग किसानों के हित की बात करते हैं।
बुन्देलखण्ड में सपा सरकार में आधे खेत खाली रहते थे। आज पूरा बुन्देलखण्ड हरा-भरा है। जमीन पर मोदी व योगी सरकार में सबसे बड़ा परिवर्तन हुआ है, लेकिन यह उनको नहीं दिखायी देगा। कुछ जानवर ऐसे होते हैं, जिनको दिन में दिखायी नहीं देता। कुछ लोग ऐसे ही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जैविक खेती को बढ़ाने पर बल दे रहे हैं।
पोषण युक्त व रासायनिक मुक्त खेती को बढ़ावा देने के लिए कार्य किया जा रहा है। बुन्देलखण्ड में भी इस दिशा में सक्रियता से कार्य किया जा रहा है। 20 करोड़ की लागत से जैबिक ऑर्गेनिक टेस्टिंग लैब का शुभारम्भ किया, जिससे किसानों को लाभ मिलेगा।
यह भी पढ़ें- बांदा में महाराणा प्रताप चौराहा से मवई बाईपास तक 4.80 करोड़ से चमकेगी सड़क, जियो टेक्सटाइल कपड़े से बढ़ेगी मजबूती
जैविक उत्पाद के प्रमाणीकरण से अच्छे दाम मिल सकेंगे। केन्द्रीय कृषि विवि की शाखा के तौर पर दतिया में पशु महाविद्यालय ने काम शुरू कर दिया है। साथ ही बाँदा में भी पशु महाविद्यालय की स्थापना कर रहे हैं, जिसका काम जल्द शुरू किया जाएगा। |
|