LHC0088 • Yesterday 23:56 • views 520
पोस्टमार्टम हाउस पर लगी मृतक अनिल के स्वजन की भीड़। जागरण
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। शहर की सदर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला देशनगर में एक निजी कंपनी के कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र सीताराम, निवासी छोटा खुदागंज कोतवाली के रूप में हुई है, उसका शव कंपनी की छत के सहारे फंदे से लटका पाया गया।
स्वजन ने कंपनी मालिक पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए उसके विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कराने की मांग की है। साथ ही पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। मृतक अनिल पिछले पांच वर्षों से इसी कंपनी में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि उसने चार दिन पहले ही काम छोड़ दिया था, लेकिन उसे दोबारा काम पर बुलाया गया था।
दोबारा ज्वाइन करने के कुछ ही समय बाद यह घटना घट गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू कर दी है। स्वजन का आरोप है कि कंपनी में कार्यरत एक युवती से अनिल की नजदीकी होने पर मालिक नाराज रहता था। भाई सुनील ने बताया कि शुक्रवार तड़के करीब चार बजे अनिल के कंपनी मालिक का फोन आया और उसे काम पर बुलाया।
वह घर से कंपनी के लिए निकला था, लेकिन महज दो घंटे बाद ही उसकी मौत की खबर घर पहुंची। आसपास के लोगों ने जब अनिल का शव कंपनी की छत के सहारे लटका देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि घटना के समय कंपनी के दरवाजे बाहर से बंद थे, सीसीटीवी फुटेज में अनिल कंपनी के अंदर जाता हुआ तो दिखाई दे रहा है, लेकिन उसके बाद की स्थितियां संदिग्ध हैं।
स्वजन ने आरोप लगाया कि रंजिश के चलते अनिल की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके। पोस्टमार्टम हाउस पर कंपनी मालिक के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया गया।
इस पर पुलिस ने उनको किसी तरह से समझाकर मामला शांत कराया। इस बारे में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत का ₹30 वाला \“सीक्रेट\“ टैक्स: नगर पालिका गेट पर ही बिक रही हैं सड़कें, वसूली का तरीका जान रह जाएंगे दंग! |
|