search

मुर्शिदाबाद में फिर भड़की हिंसा, तोड़फोड़; राष्ट्रीय राजमार्ग-12 और रेल मार्ग जाम

LHC0088 2026-1-17 15:26:41 views 759
  

मुर्शिदाबाद में फिर भड़की हिंसा।  



राज्य ब्यूरो, कोलकाता। राज्य के एक प्रवासी मजदूर की मौत और एक अन्य मजदूर पर हमले के आरोपों के बाद बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में शनिवार को फिर तनाव फैल गया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-12 और रेल मार्ग जाम किए, तोड़फोड़ की। पुलिस ने हालात काबू में करने के लिए बल प्रयोग किया। विरोध ऐसे दिन हुआ, जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राज्य में सरकारी कार्यक्रमों और जनसभा में शामिल हुए।

यह विरोध एक दिन पहले हुई हिंसक घटनाओं के बाद सामने आया है, जिनके चलते राज्य के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के बीच सड़क और रेल संपर्क घंटों तक ठप रहा था।

पुलिस के अनुसार, बेलडांगा के बरुआ मोड़ पर सैकड़ों स्थानीय लोग एकत्र हुए और राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर बैठ गए, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने एक रेलवे गेट को नुकसान पहुंचाया और ट्रेन सेवाओं को बाधित करने की कोशिश भी की। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने कुछ स्थानों पर लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया, हालांकि स्थानीय लोगों ने बल प्रयोग का आरोप लगाया है।

इलाके के एक और प्रवासी मजदूर अनीसुर शेख के साथ बिहार में बेरहमी से मारपीट की खबर से लोगों का गुस्सा फिर भड़क उठा, जो शुक्रवार की हिंसा के बाद कुछ हद तक शांत हुआ था।
प्रशासन ने शांति बहाली के प्रयास किए तेज

प्रशासन ने शांति बहाल करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। जिलाधिकारी नितिन सिंघानिया ने कहा कि प्रवासी मजदूरों की स्थिति पर नजर रखने के लिए एक विशेष कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। पुलिस ने बड़ी संख्या में बल तैनात किया, जबकि स्थानीय विधायक हुमायूं कबीर मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों व अधिकारियों से बातचीत कर स्थिति को संभालने की कोशिश की।
तृणमूल व भाजपा ने एक दूसरे पर लगाए आरोप

इस मुद्दे ने सियासी रूप भी ले लिया है। तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा शासित राज्यों में बंगाली भाषी प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाए जाने का आरोप लगाया है, जबकि विपक्ष ने राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था और पत्रकारों की सुरक्षा में नाकाम रहने का आरोप लगाया। पुलिस ने बताया कि बेलडांगा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है, हालांकि इलाके में तनाव अब भी बना हुआ है।
शुक्रवार को भी भड़की थी हिंसा

गौरतलब है कि प्रवासी मजदूर अलाउद्दीन शेख की मौत की खबर के बाद शुक्रवार को भी हिंसा भड़की थी। अलाउद्दीन का शव झारखंड में उसके किराए के कमरे से बरामद हुआ था, जहां वह कबाड़ का काम करता था। स्वजनों का आरोप है कि उसकी पीट-पीटकर हत्या की गई और बाद में आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को लटका दिया गया। शव के गांव पहुंचते ही आक्रोश फैल गया और विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गए।

शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों ने सीलदह-लालगोला रेल लाइन को महेशपुर में जाम कर दिया और राष्ट्रीय राजमार्ग-12 पर टायर जलाए। करीब साढ़े पांच घंटे तक सड़क और रेल यातायात बाधित रहा। इस दौरान एक पुलिस वाहन और ट्रैफिक कियोस्क में तोड़फोड़ हुई। पथराव में कम से कम 12 लोग घायल हुए, जिनमें पत्रकार भी शामिल थे। एक महिला पत्रकार के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, जबकि दूसरी को गंभीर हालत में मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
166566