search

बलरामपुर में प्रबंधक ने शिक्षक को जड़ा थप्पड़, छात्रों ने कॉलेज गेट पर लगाया ताला; सड़क पर लेटकर हाईवे किया जाम

LHC0088 2026-1-14 09:56:46 views 772
  

प्रदर्शन करते छात्र



जागरण संवाददाता, बलरामपुर। नगर के डीएवी इंटर कॉलेज में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्यालय प्रबंधक पर सरेआम कक्षा के भीतर एक शिक्षक को थप्पड़ मारने का आरोप लगा। घटना से आक्रोशित छात्र शिक्षक के समर्थन में कक्षाओं से बाहर निकल आए।

पीड़ित शिक्षक स्कूल से निकलकर कोतवाली की ओर भागे, जहां रास्ते में सड़क पर लेटकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पीड़ित शिक्षक अशोक तिवारी का आरोप है कि वह कक्ष संख्या 16 में प्री-बोर्ड परीक्षा करवा रहे थे। इसी दौरान प्रबंधक संजय तिवारी कक्षा में घुसे और जिला विद्यालय निरीक्षक को छात्रों की फीस की रसीद देने को लेकर विवाद करने लगे।

शिक्षक ने डीआईओएस के आदेश की दुहाई दी, तो प्रबंधक ने क्रोधित होकर शिक्षक को थप्पड़ मार दिया। शिक्षक का आरोप है कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। छात्रों के समर्थन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद भी सड़क पर उतर गया।

प्रदर्शन उग्र होता देख पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने किसी तरह छात्रों व शिक्षक को समझा-बुझाकर स्कूल वापस भेजा। प्रदर्शन के दौरान लगभग एक घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग तुलसीपुर पर जाम की स्थिति रही।

  

छात्रों ने प्रबंधक पर अवैध वसूली का मढ़ा आरोप

डीएवी इंटर कॉलेज के छात्रों ने प्रबंधक पर अवैध फीस वसूली का आरोप लगाया है। कहा कि जहां निर्धारित फीस करीब 1200 रुपये है, वहीं उनसे लगभग 4500 रुपये वसूले जा रहे हैं। फीस बढ़ोतरी को लेकर छात्रों का गुस्सा और भड़क गया।

एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ छात्र सड़क पर आ गए और कॉलेज गेट पर ताला जड़कर डीआईओएस के आने की मांग करने लगे। लगभग एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद प्रभारी डीआईओएस डॉ. चंदन पांडेय मौके पर पहुंचे। छात्रों से ज्ञापन लेकर पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर विद्यार्थी शांत हुए।

  

शिक्षक ने की गिरफ्तारी की मांग

पीड़ित शिक्षक अशोक तिवारी ने प्रबंधक पर फर्जी तरीके से सेवा पुस्तिका में सेवा समाप्ति दर्ज करने, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराने, प्रबंधक की गिरफ्तारी और छात्रों से वसूली गई अतिरिक्त फीस वापस कराने की मांग की है।

वहीं प्रबंधक संजय तिवारी का कहना है कि शिक्षक के साथ किसी प्रकार की मारपीट नहीं की गई। उन्हें पूर्व में नोटिस दिया गया था, जिसका जवाब नहीं मिला। फीस वसूली के आरोपों की जांच कराई जाएगी।
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
166428