search

जाति से ऊपर उठकर हिंदुत्व के लिए करें काम; आरएसएस सरकार्यवाह दत्तात्रेय ने युवाओं में बढ़ती मोबाइल की लत पर जताई चिंता

deltin33 2026-1-12 20:57:41 views 551
  

आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने समाज के हर वर्ग के लोगों से आह्वान किया कि जातिगत भावना से ऊपर उठकर हिंदुत्व के लिए काम करें।



जागरण संवाददाता, रांची। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने समाज के हर वर्ग के लोगों से आह्वान किया कि जातिगत भावना से ऊपर उठकर हिंदुत्व के लिए काम करें।

उन्होंने कहा कि हमारा जन्म किस परिवार या जाति में होगा यह हमारे हाथ में नहीं है, फिर हम जातिवाद क्यों करते हैं। किसी भी जाति को नीचा या ऊंचा नहीं समझते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए सभी सहयोगी बनें।

जरूरतमंद लोगों की सेवा सभी मिलकर करें। होसबाले सोमवार को रांची में हिंदू समाज के अलग-अलग वर्ग के लोगों से संवाद कर रहे थे।
हमारी शिक्षा और संस्कृति पर किया जा रहा प्रहार

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में सामाजिक सदभाव के तहत चार सत्रों में चली बैठक में हिंदू समाज के विभिन्न जाति वर्ग के लोग, संत, महात्मा व हिंदुत्व के लिए काम करने वाले विभिन्न संगठनों के लोग थे।

उन्होंने युवाओं में बढ़ते नशापान और मोबाइल को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे अपने बच्चों को बचाने की जरूरत है। हमारी शिक्षा और संस्कृति पर जिस तरह के कुछ लोगों द्वारा प्रहार किया जा रहा है, उससे भी बच्चों में अपसंस्कृति बढ़ती जा रही है।

इसलिए अपने-अपने परिवार में भी हिंदुत्व का भाव जगाने के लिए सप्ताह में एक दिन पूरे परिवार के साथ मंदिर जरूर जाएं। बैठक में आए लोगों ने भी समाज में व्याप्त मतांतरण, अवैध घुसपैठ, नशाखोरी, अशिक्षा, अंधविश्वास,आपस में सहयोग की कमी, बाल विवाह एवं लव जिहाद जैसी समस्याओं को सरकार्यवाह के सामने रखा।  

  
मतांतरण को रोकने की जरूरत

दत्तात्रेय ने कहा कि सुदूर इलाके में लोगों की गरीबी का लाभ उठाकर जिस तरह से मतांतरण तेजी से किया जा रहा है, उसे रोकने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। मतांतरण का मुख्य कारण गरीबी, अशिक्षा और अंधविश्वास है।

इसके लिए समाज में परस्पर सहयोग, छुआछूत एवं जातिगत भेदभाव से दूरी, ऊंच-नीच की भावना त्यागने तथा हिंदू समाज की जनसंख्या सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि साजिश के तहत जनजातीय क्षेत्रों में चर्च से जुड़े लोगों का प्रवेश कराया गया तथा हिंदु धर्म गुरुओं को रोकने का प्रयास हुआ। घर वापसी के लिए भी मिलकर काम करना होगा।

सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इस पर सभी को मिलकर चिंता करने की जरूरत है। उन्होंने सभी लोगों से हम सभी हिंदू हैं इस भाव को हमेशा याद रखने की अपील की।  
बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति पर जताई चिंता

सरकार्यवाह ने बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि यह गंभीर समस्या है। वहां के हिंदुओं को भी इसके खिलाफ एकजुटता दिखानी होगी।

घुसपैठ के माध्यम से भी लंबे समय तक राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास किया जाता रहा है। केंद्र सरकार अपने स्तर से इसे रोकने का प्रयास कर रही है।

बैठक में मतांतरण के बाद भी सरकारी योजनाओं का लाभ उठा रहे लोगों का विषय भी रखा गया। सेवा कार्य बढ़ाने, पर्यावरण की समस्या पर विचार करने की बात भी सामने आई।

बैठक में क्षेत्र संघचालक देवव्रत पाहन, महानगर संघचालक पवन मंत्री, क्षेत्र सामाजिक सदभाव प्रमुख राकेश लाल, प्रांत प्रचारक गोपाल शर्मा, विभाग प्रचारक मंटू कुमार, महानगर कार्यवाह दीपक पांडेय सहित कई प्रमुख स्वयंसेवक उपस्थित थे। कार्यक्रम में 600 से अधिक लोग आए।
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
477324