search

एक महीने बाद भी नहीं पहुंचे मिनट्स ऑफ मीटिंग, गुरुग्राम में लैंडफिल साइट पर नहीं शुरू हो सका वेस्ट डिस्पोजल

cy520520 2026-1-12 16:26:31 views 467
  

बंधवाड़ी लैंडफिल साइट।  



संदीप रतन, गुरुग्राम। बंधवाड़ी लैंडफिल पर पड़े 15 लाख टन कूड़े के निस्तारण का टेंडर होने के बाद भी काम शुरू नहीं हो सका है। एक महीने से ज्यादा समय बीतने के बाद भी गुरुग्राम नगर निगम को आठ दिसंबर 2025 को चंडीगढ़ में हुई हाई पावर वर्क्स परचेज कमेटी की बैठक के मिनट्स ऑफ मीटिंग (एमओएम) नहीं मिले हैं।

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में बंधवाड़ी लैंडफिल के कूड़ा निस्तारण के टेंडरों को स्वीकृति गई थी और दो एजेंसियों का चयन किया गया था। लेकिन एमओएम नहीं मिलने के कारण दोनों एजेंसियों को काम नहीं सौंपा जा सका है।

निगम अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही एमओएम मिलने की उम्मीद है और इस संबंध में शहरी स्थानीय निकाय विभाग मुख्यालय में संपर्क किया गया है। बता दें कि हाई पावर वर्क्स परचेज कमेटी में बंधवाड़ी में कूड़ा निस्तारण के टेंडर के रेट को मंजूरी दे दी गई थी।

नगर निगम द्वारा अब दो एजेंसियों दयाचरण एंड कंपनी और एमकेजी ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड को सात-सात लाख टन कूड़े का निस्तारण करने का काम सौंपेगा। निगम अधिकारियों का कहना है कि अगर मुख्यालय से जल्द एमओएम भेज दिए जाएंगे तो इस महीने के अंत में एजेंसियों को काम सौंप दिया जाएगा।
60 दिन में तैनात करनी होगी मशीनरी

लैंडफिल पर मशीनरी तैनात करने का समय 60 दिन होगा। फरवरी-मार्च में एजेंसियों द्वारा कूड़ा निस्तारण कार्य शुरू करने की उम्मीद है। एजेंसियों को कूड़ा निस्तारण के लिए 12 महीने यानी एक साल का समय दिया गया है। लगभग 12 साल से बंधवाड़ी में कूड़े की समस्या है और वर्ष 2024 में ही इसे खत्म करने की तैयारी थी।

लेकिन, जिन एजेंसियों को काम सौंपा गया था, उन्होंने काम नहीं किया गया और लैंडफिल पर लगातार कूड़े का बोझ बढ़ता गया। पिछले डेढ़ साल से कूड़ा निस्तारण बंद होने के कारण लैंडफिल पर बीस मीटर ऊंचा कूड़े का पहाड़ बन गया है।
15 लाख टन कूड़ा लैंडफिल पर फैला

बंधवाड़ी लैंडफिल पर 15 लाख टन कूड़ा पड़ा है। अक्टूबर 2024 के बाद कूड़ा निस्तारण के लिए कोई खास काम नहीं हुआ। 30 एकड़ जमीन पर कूड़ा फैला हुआ है। अक्टूबर 2024 में लैंडफिल पर सिर्फ आठ लाख टन पुराना कूड़ा बचा था, लेकिन इसके बाद लगातार कूड़ा डालने और निस्तारण नहीं होने के कारण फिर से परेशानी बढ़ गई है।

सरकार ने यहां पर चारकोल प्लांट लगाने की घोषणा की थी और 2025 में प्लांट निर्माण कार्य शुरू किया जाना था, लेकिन लैंडफिल पर जमीन खाली नहीं होने के कारण काम शुरू नहीं हो सका।  

  • 30.43 लाख टन कूड़ा जनवरी 2023 में बंधवाड़ी लैंडफिल पर था।
  • 6.06 लाख टन कूड़ा जनवरी 2023 से दिसंबर 2023 तक बंधवाड़ी में पहुंचा।
  • 5.84 लाख टन कूड़ा जनवरी 2024 से 21 नवंबर 2024 तक बंधवाड़ी में पहुंचा।
  • 42.33 लाख टन कूड़ा बंधवाड़ी में डाला गया।
  • 16.50 लाख टन कूड़े का निस्तारण जनवरी 2023 से दिसंबर 2023 तक हुआ।
  • 17.16 लाख टन कूड़े का निस्तारण जनवरी 2024 से 21 नवंबर 2024 तक हुआ।
  • 33.66 लाख टन कुल कूड़ा निस्तारण हुआ।
  • 15 लाख टन से ज्यादा कूड़ा अभी बंधवाड़ी लैंडफिल पर पड़ा है।

खजाना खाली कर रहा फरीदाबाद का कूड़ा

फरीदाबाद शहर से बंधवाड़ी लैंडफिल पर प्रतिदिन 900 से एक हजार टन कूड़ा आ रहा है। एक तरफ जहां गुरुग्राम की लैंडफिल खाली नहीं हो पा रही है, वहीं इसके निस्तारण पर भी गुरुग्राम निगम का खजाना खाली हो रहा है।

नगर निगम गुरुग्राम की ओर से कई बार फरीदाबाद नगर निगम को कूड़ा नहीं भेजने को लेकर पत्र लिखा जा चुका है। गुरुग्राम के घरों से प्रतिदिन 1200 टन कूड़ा निकलता है। प्रतिदिन बंधवाड़ी में 2200 टन से ज्यादा कूड़ा पहुंचने के कारण कूड़े का पहाड़ बन गया है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में निगम के माइक्रो एसटीपी और अवैध कनेक्शनों की होगी जांच, बरसाती नालों में सीवर कनेक्शनों पर होगी कार्रवाई


मुख्यालय से एमओएम जल्द मिलने की उम्मीद है। इसके बाद एजेंसियों को कूड़ा निस्तारण का कार्य सौंप दिया जाएगा।
-

संदीप सिहाग, एक्सईएन नगर निगम गुरुग्राम।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
163933