LHC0088 • 2025-12-20 23:37:57 • views 1192
चनपटिया के दो मजदूरों की मौत
जागरण संवाददाता, बेतिया। महाराष्ट्र के नागपुर में निर्माणाधीन पानी टंकी ढहने से चनपटिया प्रखंड के लखौरा पंचायत के दो मजदूरों की मौत हो गई है। शुक्रवार को नागपुर के बुटीबोरी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक सोलर प्लांट परिसर में चनपटिया प्रखंड के लखौरा पंचायत के वार्ड संख्या एक निवासी मोहन ठाकुर के पुत्र अरविंद कुमार ठाकुर (26) और वार्ड संख्या तीन निवासी इंद्रजीत साह के पुत्र बुलेट कुमार (19) मौत हो गई। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
घटना की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन पानी टंकी की टेस्टिंग के दौरान उसका एक हिस्सा अचानक गिर गया। टंकी के मलबे और तेज पानी के दबाव में कई मजदूर दब गए। इस हादसे में कुल छह मजदूरों की मौत की हुई है।जिनमें चनपटिया के ये दोनों युवक भी हैं।
15 दिन पहले गए थे महाराष्ट्र
वहां के स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत व बचाव कार्य चलाया गया,लेकिन मलबे में दबने के कारण दोनों को बचाया नहीं जा सका। अरविंद के पिता ने बताया कि अरविंद और बुलेट रोजी-रोटी के लिए महज 15 दिन पहले ही महाराष्ट्र गए थे।
दोनों ठेके पर काम कर रहे थे। अरविंद विवाहित था और पहले हैदराबाद में मजदूरी करता था, जबकि बुलेट अविवाहित था और अपनी बहन की शादी के लिए पैसे कमाने महाराष्ट्र गया था। इधर,गांव में मृतकों के दरवाजे पर लोगों की भीड़ दिनभर जुटी रही।
परिवार को संभव मदद का भरोसा
ग्रामीणों ने पीड़ित परिवारों को सरकारी मुआवजा और सहायता देने की मांग की है। परिजनों के अनुसार रविवार शाम तक दोनों शव गांव पहुंचने की उम्मीद है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक अभिषेक रंजन ने परिजनों से मुलाकात कर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
इस हादसे के बाद दोनों परिवार गहरे सदमे में हैं।अंचलाधिकारी कमलकांत सिंह ने बताया हादसे की जानकारी मिली है।वरीय अधिकारियों को इस हादसे की जानकारी दे दी गई है। |
|