घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़।  
 
  
 
संवाद सहयोगी, बगोदर/गिरिडीह। बगोदर थाना क्षेत्र के जीटी रोड बीस माइल पर रविवार की रात्रि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान जख्मी गाजो मंडल की मौत हो गई।  
 
इसके पूर्व सूचना मिलने पर बगोदर थाना के सब इंस्पेक्टर अभिजित कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायल को इलाज के लिए बगोदर ट्रामा सेंटर भेजा, वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।  
 
वह गाजो बगोदर थाना क्षेत्र के अलगडीहा गांव निवासी था। उम्र 45 वर्ष थी। घटना से दीपावली का त्योहार मातम में बदल गया। अपनों की चीत्कार से गांव का माहौल गमगीन हो गया। स्वजन के मुताबिक मंडल बाइक से अटका की ओर से अपने घर लौट रहा था कि इसी दौरान उक्त स्थल के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें  
 
बगोदर पुलिस ने मृतक के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया। मृतक के स्वजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। मामले को लेकर बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि मामला दुर्घटना का है, जांच पड़ताल की जा रही है।  
सड़क हादसे में अधेड़ महिला की मौत   
 
दामाद घर दीपावली मनाने जा रही अधेड़ महिला की सड़क हादसे में घटना स्थल पर दर्दनाक मौत हो गई। घटना जुटहाआम -सरिया मुख्यमार्ग पर सोमवार दोपहर भरकट्टा ओपी क्षेत्र बाराडीह के समीप की है। मृतक यशोदा देवी सरिया थाना के नावाडीह की निवासी थी।  
 
इसके पूर्व असंतुलित आटो सड़क के किनारे रखे ईंट के ढेर से जा टकराया। यशोदा देवी फल लदा इसी ऑटो में बैठी थी।चालक फल लदा ऑटो छोड़कर फरार हो गया। मृतक यशोदा नावाडीह के चंद्रमौली पासवान की पत्नी थी। अधेड़ महिला की उम्र 57 वर्ष बताई गई।  
 
घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। घटना की सूचना पर भरकट्टा ओपी प्रभारी अमन सिंह, मुखिया सहदेव यादव ,सत्येंद्र राउत, पंसस टेकनारायण पंडित पहुंचे। काफी देर तक शव की पहचान नही हो सकी। बाद में शव की पहचान होने के बाद मृतक के स्वजन को सूचना दी गई।  
 
घटना स्थल पर बेटी व दामाद रंजीत पासवान पहुंच कर शव की पहचान की। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह भेज दिया। ग्रामीण का कहना है कि ऑटो में एक ही महिला थी। फल सरिया से लेकर भरकट्टा भेजा जा रहा था।  
 
यशोदा देवी बागोडीह से सवार होकर अपनी बेटी के घर बिरनी की सारंडा दीपावली मनाने जा रहे रही थी। भरकट्टा ओपी क्षेत्र कल्याणपुर का ऑटो बताया जा रहा है। घटना स्थल से आटो भरकट्टा ओपी पुलिस ले गई।  
 
ओपी प्रभारी अमन सिंह ने कहा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के स्वजन से आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। |