जागरण संवाददाता, गोरखपुर। अशोक कुमार पाल को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग का गोरखपुर से प्रदेश सचिव बनाया गया है। वह इससे पहले महराजगंज (वर्ष 2022 व 2023) से प्रदेश सचिव थे। अशोक देवरिया के गौरी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत विनायक गांव के रहने वाले हैं। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें  
 
गुरुवार रात अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग विभाग की सूची जारी की। अशोक का देवरिया, गोरखपुर, रामगढ़ताल समेत कई जगहों पर मछली पालन और विक्रय का बड़ा काम है।  
 
दैनिक जागरण से बातचीत में अशोक कुमार पाल ने कहा कि राहुल गांधी की मंशा के अनुरूप कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने में वह वर्षों से जुटे हुए हैं। गोरखपुर में सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को मजबूत किया जाएगा। कांग्रेस से लोग तेजी से जुड़ रहे हैं। इसका लाभ पार्टी को विधानसभा चुनाव में मिलेगा।  
 
अशोक कुमार पाल के भाई अनिल पाल राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) में कमांडेंट हैं। उनके पास गोरखपुर से लगायत झांसी तक का प्रभार है। पत्नी सीमा पाल गृहणी हैं। बेटा आकाश पाल आइआइटी मद्रास में कंप्यूटर साइंस से पढ़ाई कर रहा है तो बेटी साक्षी पाल इंटरमीडिएट में है। उनका बशारतपुर में भी मकान है। अशोक कुमार पाल ने कहा कि वह अब गोरखपुर में ज्यादा समय देंगे। |