बीजिंग। शनचो-21 मिशन के तीन अंतरिक्ष यात्री चांग लू, वू फेई और चांग होंगचांग ने शुक्रवार सुबह 01:36 बजे (पेइचिंग समयानुसार) करीब साढ़े पांच घंटे की स्पेसवॉक सफलतापूर्वक पूरी की।
अंतरिक्ष स्टेशन के रोबोटिक आर्म और जमीनी वैज्ञानिकों के सहयोग से उन्होंने अंतरिक्ष मलबे से बचाव के उपकरण स्थापित किए और बाहरी उपकरणों का निरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए। स्पेसवॉक करने वाले चांग लू और वू फेई सुरक्षित रूप से वेनथ्येन प्रयोगशाला मॉड्यूल में लौट आए।
इस मिशन के साथ ही चांग लू अब तक कुल सात स्पेसवॉक कर चुके हैं, जो किसी भी चीनी अंतरिक्ष यात्री द्वारा सबसे अधिक व्यक्तिगत स्पेसवॉक का नया रिकॉर्ड है।
चीन मानवयुक्त अंतरिक्ष इंजीनियरिंग कार्यालय के अनुसार, 16 मार्च को दूसरी स्पेसवॉक के बाद से चालक दल अंतरिक्ष जीवन विज्ञान, मानव शरीर से जुड़े अनुसंधान और सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण भौतिकी जैसे क्षेत्रों में प्रयोग कर रहा है। इसके अलावा, पर्यावरण निगरानी, उपकरणों का रखरखाव और आपातकालीन अभ्यास भी नियमित रूप से किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, तीनों अंतरिक्ष यात्री अब पांच महीने से अधिक समय से अंतरिक्ष स्टेशन पर हैं और उनके कार्य व जीवन की स्थिति सामान्य और संतुलित बनी हुई है। दीर्घकालिक अंतरिक्ष प्रवास तकनीक की और पुष्टि करने तथा आपातकालीन प्रक्षेपण क्षमताओं का बेहतर उपयोग करने के लिए उनके मिशन को लगभग एक महीने बढ़ाने की योजना है। आने वाले समय में वे अंतरिक्ष में 24 अप्रैल को चीनी अंतरिक्ष दिवस और 1 मई को अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस भी मनाएंगे।

Deshbandhu
Next Story |