search

तेज चीख और उछलकर गिरी महिलाएं... महोबा में शादी से खाना बनाकर लौट रहीं महिलाओं को लोडर ने रौंदा, तीन की मौत

deltin33 3 hour(s) ago views 708
  

महोबा में शादी से खाना बनाकर लौट रहीं महिलाओं को लोडर ने रौंदा  



जागरण संवाददाता, महोबा। शादी से खाना बनाकर सड़क पर पैदल घर लौट रही पांच महिलाओं को तेज रफ्तार वाहन लोडर (पिकअप) टक्कर मारकर रौंदते हुए निकल गया। सड़क पर केवल चीखें सुनाई दे रहीं थी। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई और इसमें वाहन 80-90 की रफ्तार में जाता दिख रहा है। उसके नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है।

राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को जिला अस्पताल लाई, इनमें एक महिला को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि दूसरी की उपचार दौरान मौत हो गई। घायलों को मेडिकल कालेज झांसी रेफर किया गया। इनमें रास्ते में तीसरी महिला ने दम तोड़ लिया। वहीं दो महिलाओं का झांसी में उपचार चल रहा है। घटना के बाद चालक वाहन लेकर रफूचक्कर हो गया।

गाड़ी का बगल का हिस्सा भी सड़क पर पड़ा मिला। एएसपी वंदना सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही वाहन चालक को पकड़ लिया जाएगा। सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने अस्पताल पहुंचकर इसकी जानकारी ली और दिवंगत के परिवार के हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया।

यह भी पढ़ें- ‘बच्चा चोर’ की अफवाह में भीड़ का हमला: बीमार महिला की पिटाई, सड़क पर धकेला

शहर के मुहल्ला भटीपुरा निवासी 40 वर्षीय श्यामरानी, 35 वर्षीय गीता निवासी डाकबंगला, 50 वर्षीय भागवती निवासी कल्यासागर, 65 वर्षीय तुलसा व 35 वर्षीय राजकुमारी निवासीगण भटीपुरा बुधवार की रात्रि कानपुर-सागर हाईवे पर स्थित मीना पैलेस में शादी का खाना बनाने गई थीं।

पूड़ी बेलने के साथ ही अन्य कामों में सहयोग करने के बाद पांचाें गुरुवार की सुबह करीब तीन बजे सड़क पर पैदल अपने घर की ओर लौट रहीं थीं। रास्ते में एआरटीओ कार्यालय व मां बड़ी चंद्रिका देवी मंदिर के पास तेज रफ्तार लोडर वाहन ने पीछे से उन्हें टक्कर मार दी और रौंदते हुए निकल गया।

बहुत तेज निकली चीख

टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिलाएं उछलकर इधर उधर गिरी और उनके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। सड़क पर चीखें सुनाई दे रहीं थी। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई और 80-90 की रफ्तार में वाहन जाता दिख रहा है।

राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस सभी घायलों का जिला अस्पताल लाई। यहां श्यामरानी को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। वहीं गीता की उपचार दौरान मृत्यु हो गई। घायलों को मेडिकल कालेज झांसी रेफर किया गया। लेकिन वहां पहुंचने के पहले भागवती ने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। जबकि तुलसा व राजकुमारी का उपचार चल रहा है।

एएसपी वंदना सिंह, सीओ अरुण कुमार सिंह व प्रभारी निरीक्षक शहर कोतवाली मनीष पांडेय ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी दी। दिवंगत श्यामरानी के पुत्र पूर्व सभासद संतोष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

एएसपी वंदना सिंह ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही वाहन चालक को पकड़ लिया जाएगा। भाजपा के सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने अस्पताल पहुंचकर स्वजन को ढांढस बंधाया और उन्हें हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया।   
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
477229