सुनील गाबा व घटना स्थल पर मौजूद पुलिस। जागरण
संवाद सहयोगी, जागरण, बहसूमा (मेरठ) : रामराज में सनातन धर्म मंदिर के समीप सरेबाजार बुधवार दोपहर तीन तमंचों से चार गोलियां मारकर 28 वर्षीय सुनील गाबा उर्फ सुरेंद्र की हत्या कर दी गई। हत्यारोपित ने अलग-अलग तमंचों से कमर, पेट और सिर पर गोली मारी। वह अंटी में तीन तमंचे लेकर आया था। एक के बाद एक तमंचा निकालकर गोली चलाता रहा। हत्या के बाद वह हथियार लहराते हुए भीड़ के बीच से बाइक से भाग गया। डेढ़ साल पहले हत्यारोपित प्रदीप धीमान की पत्नी सुनील के साथ चली गई थी। इसका बदला लेने के लिए उसने पंचायत में हत्या का ऐलान कर रखा था।
हत्या के 10 मिनट बाद हत्यारोपित ने चार मिनट का वीडियो प्रसारित कर कह रहा है कि उसे छोड़कर जाने वाली पत्नी और परिवार को परेशान करने वाली हस्तिनापुर, बहसूमा और फलावदा थाने के इंस्पेक्टर और दारोगा को भी जान से मारेगा। बहसूमा थाने के रामराज कस्बे की जीवनपुरी कालोनी में सुनील गाबा उर्फ सुरेंद्र रहता था। डेढ़ साल पहले सुनील गाबा फलावदा के सनौता निवासी प्रदीप धीमान की पत्नी पूनम को घर से भगा लाया था। पूनम अपने दो बच्चों को पति के पास छोड़कर प्रेमी के साथ रहने लगी थी। प्रदीप ने उस समय गांव में पंचायत की थी।
पंचायत में पूनम ने स्पष्ट कर दिया था कि वह बालिग है। वह अपना अच्छा बुरा समझती है। वह सुनील गाबा के साथ ही रहना चाहती है। तब से सुनील गाबा और पूनम पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। बुधवार को सुनील गाबा अपने चाचा नानक के साथ खेत से पैदल ही घर गया। कुछ देर बाद घर से बाइक लेकर बाजार पहुंचा। दोपहर करीब 1:45 बजे सनातन धर्म मंदिर के समीप बाजार में चाट की दुकान पर बाइक रोककर चाट खा रहा था। तभी पीछे से प्रदीप धीमान पैदल ही वहां पहुंचा और अंटी से तमंचा निकालकर बाइक पर बैठे सुनील गाबा के सिर पर पीछे से गोली मार दी। उसके बाद अंटी से दूसरा तमंचा निकाला और फिर कमर पर गोली मारी। इसके बाद तीसरा तमंचा निकाला और पेट में गोली मारी। खून से लथपथ सुनील बाइक से नीचे गिर गया।
उसके बाद प्रदीप कुछ दूरी पर गया और बाइक पर सवार होकर फिर आया और एक तमंचे में भीड़ के सामने ही गोली भरी और चौथी गोली भी सुनील को मारकर बाइक से भाग गया। खून से लथपथ सुनील पड़ा रहा, लेकिन दहशत के कारण मदद के लिए कोई नहीं आया। इंस्पेक्टर प्रतिभा सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचीं और सुनील को मवाना सीएचसी ले गई, जहां चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि कर दी। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने भी मौका मुआयना किया। हत्यारोपित के कुछ स्वजन और पूनम को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। सुनील का छोटा भाई विजय दिल्ली स्थित गुरुद्वारा में सेवा करता है। पिता कश्मीरे की मौत हो चुकी है। मां भी छोटे भाई के साथ दिल्ली में थी। सूचना पर स्वजन गांव पहुंच गए।  |