पुलवामा में 694 प्राचीन सिक्के बरामद। एआई जेनरेटेड तस्वीर (सोर्स- Gemini)
जागरण संवाददाता, श्रीनगर। पुलवामा जिले में प्राचीन सिक्के मिले हैं, जिनका ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व अधिक माना जाता है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अवंतीपोरा पुलिस ने एक नियमित अभियान के दौरान त्राल के पिंगलिश इलाके से 694 प्राचीन सिक्के बरामद किए हैं।
प्राचीन सिक्कों को त्राल के थाना प्रभारी तजामुल इस्लाम की देखरेख में सुरक्षित रखा गया है। इसके बाद स्थापित पुरातात्विक मानदंडों के अनुसार वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण और प्रबंधन को सुविधाजनक बनाने के लिए अभिलेखागार, पुरातत्व और संग्रहालय निदेशालय के साथ समन्वय स्थापित किया गया।
उन्होंने कहा कि प्राचीन सिक्कों को सौंपा जाना शांति और सद्भाव की रक्षा करने के साथ-साथ प्रदेश की पुरातात्विक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के प्रति जम्मू कश्मीर पुलिस की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है, साथ ही कश्मीर की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत के बारे में जन जागरूकता को बढ़ावा देता है।  |