जांच में जुटी पुलिस। (सांकेतिक फोटो)
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। पारादीप कस्बे में प्लस-3 की एक छात्रा की रहस्यमय मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
शुरुआती जांच में आत्महत्या माने जा रहे इस केस में अब पुलिस दुष्कर्म और हत्या की आशंका जता रही है। जांच तेज करते हुए पुलिस ने अब तक आठ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
तरिणीगड़ा इलाके में चार मंजिला इमारत के नीचे छात्रा का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। घटना को आत्महत्या दर्शाने की कोशिश किए जाने का संदेह है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी से जुड़े किराए के मकान की तलाशी के दौरान अहम सबूत मिले हैं, जिनके आधार पर छात्रा को छत से धक्का दिए जाने की आशंका सामने आई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, छात्रा रविवार को घर से निकली थी। बाद में वह रहमा के पास एक युवक से लिफ्ट लेकर पारादीप की ओर जाती दिखी। छात्रा का मोबाइल फोन जांच में अहम कड़ी साबित हो रहा है, जिससे उसकी पहचान और आखिरी गतिविधियों का पता चला है।
जिस कमरे में छात्रा ने उस रात ठहरने की बात सामने आई है, वहां से कई महत्वपूर्ण सामग्री बरामद की गई है। पीड़िता के परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए साज़िश का आरोप लगाया है।
पुलिस उस युवक की भूमिका की भी जांच कर रही है जिसने छात्रा को लिफ्ट दी थी, साथ ही मामले से जुड़े अन्य लोगों के संभावित संबंधों को खंगाला जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत के सही कारणों पर स्थिति साफ होने की उम्मीद है।
जगतसिंहपुर के एसपी अंकित कुमार वर्मा ने बताया, “करीब 7-8 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा चुकी है। मुख्य आरोपी हमारी हिरासत में है। मामले की हर कड़ी की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट होगी।”
यह भी पढ़ें- ओडिशा में 1.5 फीट की छात्रा दे रही मैट्रिक परीक्षा, जन्म से ही सुनने और बोलने में है असमर्थ  |