सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। राजधानी समेत प्रदेशभर में पिछले चार-पांच दिनों से गर्मी का तेवर तल्ख होने लगा है। दिन में तेज धूप और तापमान में लगातार वृद्धि ने तपिश बढ़ा दी है। बुधवार को 15 से अधिक जिलों में दिन पारा 30 डिग्री सेल्सियस पार कर गया। लखनऊ में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम 15.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
गुरुवार को दिन और रात के पारे में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी का पूर्वानुमान है। दोपहर के समय घर से बाहर निकलना अभी से मुश्किल हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, होली बाद यानि मार्च पहले सप्ताह में भीषण गर्मी की चेतावनी है। दिन का पारा 35 डिग्री सेल्सियस पार कर सकता है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक सुबह और शाम भले ही ठंड हो, लेकिन रंगों का त्योहार होली बहुत ही गर्मजोशी भरे माहौल में मनाया जाएगा। होली तक तापमान इतना बढ़ जाएगा कि चिलचिलाती धूप पसीने से तरबतर कर देगी। यह स्थिति सिर्फ लखनऊ में ही नहीं, बल्कि प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में रहेगी।
शनिवार तक दिन का पारा 32 और 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है, जबकि 4 मार्च तक अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 17-18 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बदलते मौसम का असर जनजीवन पर अब दिखने लगा है। दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहेगा और तेज धूप के कारण गर्मी बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि ला नीना के कमजोर पड़ने के चलते फरवरी के आखिरी सप्ताह में गर्मी का तेवर तल्ख रहेगा।
हमीरपुर रहा प्रदेश में सबसे गर्म
बुधवार को 32.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ हमीरपुर प्रदेश में सबसे गर्म रहा। वाराणसी और बांदा में 31.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। इसके साथ ही प्रदेश के 15 जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या इससे अधिक रिकॉर्ड किया गया। अब इसमें वृद्घि जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें- हाेली से पहले मिलावट की बड़े खेप बरामद, खोया-मिठाई के साथ तेल खपाने की थी तैयारी  |
|