LHC0088 • 4 hour(s) ago • views 718
कीर्ति नगर में लक्कड़ मंडी में लगी आग।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली का कीर्ति नगर क्षेत्र बुधवार तड़के आग की लपटों और धमाकों की गूंज से दहल उठा। एशिया की सबसे बड़ी लकड़ी की मंडियों में शुमार कीर्ति नगर लक्कड़ मंडी में दो अलग-अलग स्थानों पर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में जहां आधा दर्जन दुकानें, ट्रक और बाइक जलकर राख हो गए, वहीं एक तीन मंजिला प्लाईवुड गोदाम भी आग की भेंट चढ़ गया। गनीमत रही कि दोनों ही स्थानों पर लगी आग में किसी प्रकार का जनहानि नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी विकराल थी कि उसने देखते ही देखते पास खड़ी एक बाइक और ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तपिश के कारण इस क्षेत्र में मौजूद गैस सिलेंडर एक के बाद एक तेज धमाकों के साथ फटने लगे, जिससे आसपास की करीब आधा दर्जन दुकानें और बिजली का ट्रांसफार्मर पूरी तरह स्वाह हो गया। गनीमत रही कि समय रहते लोग सुरक्षित स्थानों पर भाग निकले, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान टल गया, हालांकि व्यापारियों को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।
दिल्ली दमकल सेवा के कंट्रोल रूम को आग लगने की पहली सूचना बुधवार तड़के 04:56 बजे मिली थी, जिसमें बताया गयाथा कि कीर्ति नगर के लकड़ी बाजार में आग लग गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने तुरंत एसटीओ नवीन और एसओ वीरेंद्र के नेतृत्व में 6 गाड़ियां मौके पर पहुंची। पर घटना स्थल के आसपास रखे एलपीजी सिलेंडर में आग के कारण होने लगे विस्फोट के कारण आग तेजी से बढती हुई आस पास के दुकानों तर पहुंचने लगी।
विस्फोट के साथ तेजी से फैल रही आग को देखते हुए दमकल अधिकारियों ने सुबह 05:15 आग को मेक-4 श्रेणी यानी गंभीर श्रेणी की आग घोषित दिया। इस दौरान आग पर काबू पाने के लिए मौके पर दमकल की कुल 09 गाड़ियां, जिसमें 05 वाटर टेंडर, 02 वाटर बाउज़र और 02 मल्टीपर्पज पंप तैनात की गईं।करीब बीस मिनट के मशक्कत के बाद 5.35 बजे दमकल कर्मियों ने फैल रही आग पर काबू पा लिया और स्टाप मैसेज जारी किया गया। इसके बाद कूलिंग काम शुरू किया गया।
तीन मंजिला गोदाम में घंटों चला रेस्क्यू
दूसरी बड़ी आग एक प्लाईवुड गोदाम में लगी जो लगभग 200 वर्ग गज के क्षेत्र में फैला हुआ था। इस इमारत में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और ऊपर की दो मंजिलें शामिल थीं। ग्राउंड फ्लोर पर रखे प्लाईवुड के स्टाक ने तेजी से आग पकड़ी, जिसकी लपटें पहली और दूसरी मंजिल पर बने ऑफिस तक जा पहुंचीं।
दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 05:35 बजे आग पर नियंत्रण पाया जा सका और 05:55 बजे दमकल विभाग की ओर से स्टाप मैसेज जारी किया गया। दोपहर तक क्षेत्र में कूलिंग आपरेशन जारी रहा, ताकि मलबे के नीचे दबी आग दोबारा न भड़क उठे। अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में यहां पर बिजली के शार्ट सर्किट को आग का मुख्य कारण माना जा रहा है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगी। स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग इस पूरे क्षेत्र में हुए नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।
यह भी पढ़ें- द्वारका में आधी रात लिफ्ट बनी कालकोठरी, फायर कर्मियों ने दरवाजे को कटर से काटकर बचाई गई तीन लोगों की जान  |
|