इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । बच्चा चोरी की बात अब तक सिर्फ अफवाह साबित हुई, किसी प्रकार से माब लिंचिंग नहीं करें अन्यथा इसमें मृत्युदंड व आजीवन कारावास का भी प्रविधान है।
उक्त बातें बुधवार को वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने फेसबुक पर लाइव आकर और प्रेसवार्ता कर जानकारी देते हुए आमजन से अपील की। बताया कि जिले में अबतक जो भी मामले सामने आए हैं, वह मात्र अफवाह साबित हुए हैं।
पुलिस ने सभी बिंदुओं पर छानबीन की, लेकिन इसमें बच्चा चोरी से जुड़ा कोई मामला सामने नहीं आया। यह सिर्फ अफवाह है जो कुछ असामाजिक तत्व फैला रहे है।
आमजन से अपील करते हुए कहा कि भीड़ का हिस्सा नहीं बनें, क्योंकि माब लिंचिंग में म़ृत्युदंड व आजीवन कारावास का प्रविधान है। इसके अलावा अगर कोई हताहत होती है तो सात साल की सजा और आर्थिक दंड भी भीड़ में शामिल लोगों पर लगाया जाता है।
कहा कि विभिन्न माध्यम से कई जगहों से बच्चा चोरी को लेकर मारपीट की घटना सामने आई, लेकिन पुलिस ने जब जांच की तो अफवाह साबित हुई।
मोतीपुर में भी अफवाह फैलाकर मानसिक रूप से बीमार महिला की भीड़ ने पिटाई कर दी थी। इसमें पुलिस ने संज्ञान लिया है और प्राथमिकी की है। भीड़ में जो भी शामिल थे, उनकी पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर की जा रही है।
डायल 112 को तुरंत दें सूचना, पुलिस को उपलब्ध कराएं वीडियो
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा अगर किसी व्यक्ति पर संदेह होता है तो तुरंत डायल 112 को सूचना दें। पुलिस पहुंचकर सत्यापन करेगी। उस व्यक्ति का वीडियो बना लें और पुलिस को उपलब्ध कराएं, लेकिन इसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित नहीं करें।
आइटी एक्ट में भी प्राथमिकी कर कार्रवाई का प्रविधान है। कहा कि दूसरे राज्यों के कुछ वीडियो प्रसारित कर मुजफ्फरपुर से जुड़ा होना बताकर अफवाह फैलाने का भी काम किया जा रहा है। साइबर सेल की टीम इसकी भी पहचान कर कार्रवाई करने में जुटी है।
तमाशबीन नहीं बने, कंट्रोल रूम को भी दे सकते सूचना
अगर बच्चा चोरी की अफवाह पर किसी के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है, आप तमाशबीन नहीं बनें। क्योंकि जब पुलिस वीडियो फुटेज से सत्यापन करेगी तो भीड़ में शामिल सभी लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
इस प्रकार का मामला सामने आने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। इसके लिए कंट्रोल रूम का नंबर भी जारी किया गया है। आमजन 9431896700 पर काल कर सूचना दे सकते हैं।
घर व व्यावसायिक प्रतिष्ठान के बाहर लगाएं सीसी कैमरा
एसएसपी ने कहा आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए आमजन से भी कार्रवाई अपेक्षित है। इसके लिए आप अपने घर, व्यावसायिक प्रतिष्ठान व स्कूल-कोचिंग के बाहर सीसी कैमरे लगा सकते हैं।
इससे कई घटनाओं का उद्भेदन करने में पुलिस को सफलता मिलती है और साक्ष्य भी मिलता है। आमलोगों की सूचना पर ही मोतीपुर में शराब बरामदगी समेत कई घटनाओं का पर्दाफाश हुआ है। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने की बात कही। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का भी पालन करने की अपील की।  |
|