संवाद सहयोगी, लाडवा। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में डेरे एवं ढाणियों को म्हारा गांव जगमग गांव योजना की तर्ज पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
सरकार ने आमजन को सुविधा देने के लिए कई सुधार किए हैं। अब जहां 11 सदस्य निवास कर रहे हैं, उसे डेरा या ढाणी के रूप में मान्यता दी जा रही है। इसके साथ ही अब लाल डोरे से एक किलोमीटर की सीमा को बढ़ाकर 5 किलोमीटर कर दिया गया है। इस निर्णय के तहत अब लाल डोरे से 5 किलोमीटर की परिधि में आने वाले सभी डेरे एवं ढाणियों को ‘म्हारा गांव-जगमग गांव’ योजना के अनुरूप 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराई जाएगी।
वे बुधवार को लाडवा विधानसभा के गांव दौलतपुर, किशनगढ़, खेड़ी गादियां, बोढी, डेरु माजरा, शादीपुर, उमरी गांव में आयोजित कार्यक्रमों में ग्रामीणों को संबोधित कर रही थीं। सुमन सैनी ने ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना।
23 गांवों के लिए खर्च किए करोड़ों रुपये
इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए 2 करोड़ 86 लाख 39 हजार रुपये की लागत से सड़क के बीचों बीच झूमर लाइटों को लगवाया है। इन लाइटों को आंबेडकर चौक से इंद्री रोड, आंबेडकर चौक से यमुनानगर रोड पर और आंबेडकर चौक से कुरुक्षेत्र रोड पर नगर पालिका के क्षेत्र तक लगाया गया है। लाडवा हलके के 23 गांवों में 29 विकास कार्यों पर 5 करोड़ 39 लाख 31 हजार रुपये का बजट खर्च किया जाएगा।
इस बजट से खेतों को जाने वाले रास्ते को ईंटों के साथ पक्का किया जाएगा। इसी तरह गंदे पानी की निकासी के लिए 1 करोड़ 37 लाख 63 हजार रुपये की लागत से भूमिगत पाइप लाइन को डाला जा रहा है। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र दबखेड़ा, परमजीत कौर, पूनम सैनी, मोनिका गुप्ता, धर्मपाल, गुरप्रीत सिंह, मनजीत सिंह, जितेंद्र सरपंच, शेर सिंह, संजय कुमार, विजय खुराना, राजेश, सोनू, चरणजीत खुराना, बिंदर वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।  |