कांगड़ा स्थित माता श्री बज्रेश्वरी देवी का मंदिर। जागरण आर्काइव
संवाद सहयोगी, कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ कांगड़ा स्थित श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर में अर्पित सोने को पिघलाकर ईंटे बनाई जाएंगी। मंदिर न्यास ने इस पर फैसला लिया है। अब हिमाचल सरकार को इस संबंध में प्रस्ताव भेजा जाएगा।
चैत्र नवरात्र पर बुलाई बैठक में फैसला
19 से 27 मार्च तक आयोजित किए जाने वाले चैत्र नवरात्र के लिए श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर न्यास की बैठक सहायक आयुक्त इशांत जसवाल की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान सहायक आयुक्त ने मंदिर कार्यालय के लाकर में रखे सोने के मुद्रीकरण का प्रस्ताव रखा।
बैंक लॉकर में रखा जाएगा सोना
उन्होंने कहा कि सोने को पिघलाकर ईंटें बनाई जाएं और इन्हें सरकारी बैंक के लाकर में रखा जाए। कहा, सोने के मुद्रीकरण से मंदिर न्यास की आमदनी में हर वर्ष वृद्धि होगी। मंदिर न्यास ने इस पर सहमति जताई और कहा कि प्रस्ताव पारित कर सरकार को भेजा जाएगा।
बज्रेश्वरी माता मंदिर में कितना सोना
श्री बज्रेश्वरी माता मंदिर का करीब 28 किलोग्राम सोना अभी बैंक लॉकर में रखा गया है, जिसका मंदिर न्यास को ब्याज भी मिलता है। यह करीब 20 साल पहले रखा गया था। बताया जाता है कि मंदिर में करीब 100 किलोग्राम सोना होगा और चांदी टनों के हिसाब में है।
वीआईपी दर्शन योजना का विरोध
बैठक में मंदिर न्यास के एक सदस्य ने वीआइपी दर्शन का विरोध जताया और योजना को खत्म करने की मांग की। न्यासी इशांत चौधरी ने कहा कि वीआइपी दर्शन योजना श्रद्धालुओं के बीच बंटवारा करती है और यह मंदिर के हित में नहीं है। न्यासी के विरोध पर मंदिर न्यास ने इस विषय पर अलग से बैठक करने का प्रस्ताव पास किया।
चैत्र नवरात्र की तैयारियों पर चर्चा
मंदिर अधिकारी शिवाली ठाकुर ने श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए सरायों में साफ-सफाई, पानी व बिजली की व्यवस्था पर चर्चा की और एसडीएम ने व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व्यवस्था की सुचारु रूपरेखा तैयार करने के लिए पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए। श्रद्धालुओं के लिए बिजली, पानी, सुरक्षा, सफाई और स्वास्थ्य से संबंधित कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के अधिकारियों को निर्देश दिए।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर मंदिर अधिकारी शिवाली ठाकुर, वरिष्ठ पुजारी उमेश शर्मा, ट्रस्ट सदस्य सदन शर्मा, नरेंद्र धीमान, कैप्टन मदन लाल, सतीश, राजन शर्मा, विजय सहगल व इशांत चौधरी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: शिमला-तारादेवी रोपवे में मंजूरी से ज्यादा अब हिमाचल को हिस्सेदारी की चिंता, परियोजना की लागत बढ़ी
 |