सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। बेवर के महाराज सिंह स्मारक इंटर कॉलेज, जोत में सोमवार को गणित एवं विज्ञान विषय की परीक्षा में सामूहिक नकल में प्रशासन की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई। एसटीएफ द्वारा खेत में कॉपी लिखते हुए पकड़े गए कॉलेज प्रबंधक के पुत्र समेत छह लोगों को जेल भेज दिया।
केंद्र व्यवस्थापक, दो कक्ष निरीक्षक समेत अज्ञात में नामजद लोग फरार हैं। जेल भेजा गया प्रबंधक का पुत्र प्राइमरी विद्यालय में शिक्षक है। उसे निलंबित कर दिया गया है।
सामूहिक नकल कराने में शामिल था कॉलेज प्रबंधक का बेटा
सोमवार को एसटीएफ आगरा यूनिट ने दूसरी पाली में आयोजित इंटर मीडिएट की गणित और जीव विज्ञान की परीक्षा के दौरान छापा मारा था। परीक्षा केंद्र के पीछे खेत में कॉपियां लिखते हुए छह लोगों को रंगे हाथों पकड़ा था। एक युवती और अन्य युवक भाग निकले थे। पकड़े गए छह लोगों में महाराज सिंह स्मारक इंटर कॉलेज जोत की प्रबंधक ज्योत्सना यादव का पुत्र आशीष भी शामिल था।
यह भी पढ़ें- खेतों में कॉपियां लिख रहे थे सॉल्वर, यूपी बोर्ड परीक्षा में मैनपुरी में सामूहिक नकल का भंडाफोड़, एसटीएफ ने छह दबोचे
परीक्षा केंद्र के पीछे खेत में लिखी जा रही थीं कापियां,
डीआईओएस सतीश कुमार ने कॉलेज प्रबंधक के सरकारी शिक्षक बेटे आशीष निवासी कल्याणपुर बेवर, प्रबंधक के भाई व केंद्र व्यवस्थापक अमरीश यादव, शिवा चौहान निवासी गांव जासमई बेवर, अवनीत उर्फ अभिजीत सिंह निवासी कल्याणपुर, बेवर, अरुण कुमार निवासी गांव भारापुर बेवर, अंकित उर्फ प्रशांत यादव, दो कक्ष निरीक्षक एवं आठ-10 अन्य कर्मचारियों के विरुद्ध प्राथमिकी कराई गई है। अमरीश यादव व दो कक्ष निरीक्षक फरार हैं। शेष छह को जेल भेज दिया है।
बुधवार को सख्ती के बीच होगी परीक्षा
डीआईओएस ने बताया कि बुधवार को हाईस्कूल के विज्ञान और इंटरमीडिएट के रसायन विज्ञान व समाज शास्त्र की परीक्षा को देखते हुए राजकीय इंटर कॉलेज परौंखा के शिक्षक दिनेश कुमार को केंद्र व्यवस्थापक और डीआरकेपी इंटर कॉलेज नवीगंज के प्रभारी प्रधानाचार्य सर्वेश कुमार को अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया है।
घर के विद्यालय में लगवाई थी परीक्षा ड्यूटी
कॉलेज प्रबंधक ज्योत्सना का बेटा आशीष यादव कंपोजिट विद्यालय नगथरी बेवर में शिक्षक के रूप में तैनात है। उसने सेटिंग से अपनी मां के विद्यालय में ही परीक्षा ड्यूटी लगवा ली थी। वह कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी छोड़कर परीक्षार्थियों को नकल करवाने का काम देखता था। बीएसए गीतिका गुप्ता ने बताया कि आशीष यादव को निलंबित कर दिया है।  |