search

बैंक प्रबंधक की मौत पर गहराया रहस्य, फंदे से लटका मिला शव; परिजनों ने पत्नी और साली पर लगाया आरोप

cy520520 2026-1-23 19:56:56 views 593
  

प्रताकात्मक तस्वीर



संवाद सहयोगी, रामगढ़वा (पूर्वी चंपारण)। थाना क्षेत्र के रामगढ़वा गांव के पुल के समीप स्थित एक दो मंजिला मकान से पुलिस ने बैंक प्रबंधक का शव बरामद किया है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार साह ने बताया कि बरामद शव की पहचान उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक जीतेंद्र कुमार के रूप में हुई है।  

पुलिस को घटना की सूचना 112 के पटना कंट्रोल रूम से गुरुवार की आधी रात को मिली। पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां पाया गया कि मृतक का शव सिकड़ के फंदे से लटक रहा था। मृतक की पत्नी वंदना देवी वहां रो रही थीं। पुलिस ने शव को बरामद कर थाना ले जाकर परिजनों को सूचना दी।
पीठ और छाती पर चोट के निशान

प्रथम दृष्टया, मृतक के पीठ और छाती पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मृतक शाखा प्रबंधक पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के बड़कागांव निवासी कमल राम का ज्येष्ठ पुत्र था। वर्तमान में मृतक उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक शाखा सुगौली के करमवा रघुनाथपुर में प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे।  

मृतक की शादी वर्ष 2018 में उत्तर प्रदेश के तमकुही राज के खलवापट्टी में हुई थी। उनके दो पुत्री हैं, एक 5 वर्ष और दूसरी 3 वर्ष की। स्वजनों का आरोप है कि मृतक की हत्या की गई है। मृतक के छोटे भाई कृष्णा कुमार ने कहा कि उनके भाई जितेंद्र के छाती और पीठ पर कई जगह चोट के निशान हैं, जबकि गर्दन पर कोई निशान नहीं है।  
पुलिस ने मृतक की पत्नी को छोड़ा

स्वजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि उनके पहुंचने से पूर्व पुलिस ने मृतक की पत्नी को छोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही रक्सौल एसडीपीओ मनीष आनंद रामगढ़वा पहुंच चुके हैं और घटनास्थल पर जांच कर रहे हैं।

कृष्ण कुमार ने बताया कि जितेंद्र की पत्नी और साली दोनों उसके साथ रहती थीं। जब उन्हें सूचना मिली, तब दोनों वहां से चली गईं, जो कई सवाल खड़े कर रहा है। उन्होंने कहा कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद रहता था।  

मृतक की पत्नी हमेशा अपने पति को अपने परिवार से अलग रहने के लिए कहती थी। विवाद होने पर पुलिस भी कई बार उनके बीच सुलह करवा चुकी थी। कृष्ण कुमार ने बताया कि जितेंद्र छठ पूजा में घर आया था, लेकिन वहां भी झगड़ा करके अपनी पत्नी मायके चली गई।
पोस्टमार्टम के लिए कागजी प्रक्रिया की जा रही

थानाध्यक्ष राजीव कुमार साह ने बताया कि शव को थाना परिसर में रखा गया है और पोस्टमार्टम के लिए कागजी प्रक्रिया की जा रही है। विशेष जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को सूचित किया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

मकान मालिक प्रमोद पांडेय और अन्य स्थानीय लोगों से जानकारी ली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि यह हत्या है या आत्महत्या। फिलहाल, मृतक की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, इसलिए उसे छोड़ा गया है। यदि उसकी संलिप्तता पाई जाती है, तो उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
164588