search

झाझा–जसीडीह रेलखंड पर सफर कर रहे हैं? पर्स, बैग, रुपये, जेवर, घड़ी और मोबाइल कब गायब हो जाएं, पता भी नहीं चलेगा

cy520520 1 hour(s) ago views 339
  

झाझा–जसीडीह रेलखंड पर यात्रियों की बढ़ती चिंता: चोरी की घटनाएं



संवाद सूत्र, बोड़वा (जमुई)। रेल की पटरियों पर दौड़ती ट्रेनें अब सिर्फ गंतव्य तक नहीं पहुंचा रही हैं, बल्कि कई यात्रियों के लिए कड़वी यादें भी छोड़ रही हैं। जसीडीह-झाझा रेलखंड के बीच सक्रिय चोरों ने यात्रियों की रातों की नींद हराम कर दी है। सफर की थकान जब आंखों में नींद बनकर उतरती है, तो किसी को अंदाजा नहीं होता कि अंधेरे में दुबके कुछ हाथ उनकी खुशियों को लूटने की ताक में हैं। झाझा और जमुई के बीच का यह सफर अब भय के गलियारे से कम नहीं रह गया है। रेल पुलिस सुरक्षा का दावा करती है, लेकिन जमीनी हकीकत अलग है।
केस स्टडी 1: दरभंगा के रणधीर झा का मामला

बीते चार जनवरी को दरभंगा जिले के हनुमानगंज वार्ड नंबर 18 निवासी रणधीर झा अपनी पत्नी के साथ कोलकाता से दरभंगा लौट रहे थे। दोनों जयनगर साप्ताहिक एक्सप्रेस में बर्थ संख्या 25 एवं 27 पर यात्रा कर रहे थे। बताया जाता है कि सुबह करीब तीन बजे ट्रेन के झाझा रेलवे स्टेशन से खुलते ही किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी पत्नी का लेडीज पर्स चोरी कर लिया। पर्स में लगभग 25,000 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक एटीएम कार्ड रखे थे। पीड़ित ने रेल थाना झाझा में शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की है।
केस स्टडी 2: सुरेंद्र कुमार सिन्हा का अनुभव

22 दिसंबर 2025 को दिल्ली शकरपुर निवासी सुरेंद्र कुमार सिन्हा ने रेल थाना में आवेदन दिया। वे गाड़ी संख्या 15028 मौर्य एक्सप्रेस में बर्थ संख्या 11 पर रांची जा रहे थे। ट्रेन के बरौनी रेलवे स्टेशन से खुलने के बाद और झाझा रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले उनकी सीट के नीचे रखा अटैची किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया। अटैची में कपड़े और लगभग 2,500 रुपये नगद थे। घटना की जानकारी रेल थाना झाझा को दी गई और पुलिस जांच में जुटी है।
केस स्टडी 3: बबीता चौधरी का मामला

11 जनवरी को सीतामढ़ी जिले की बबीता चौधरी अपनी पुत्री वर्षा के साथ गाड़ी संख्या 13155 मिथिलांचल एक्सप्रेस से कोलकाता जा रही थीं। झाझा रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले उन्हें नींद आ गई। जागने पर देखा कि सीट के नीचे रखा उनका ट्राली बैग गायब था। बैग में लगभग 20 ग्राम सोने का हार, आठ जोड़ी कपड़े, मेकअप का सामान, गिफ्ट सामग्री और चॉकलेट आदि रखे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केस स्टडी 4: रामबाबू पासवान की शिकायत

दरभंगा जिले के रामबाबू पासवान ने 1 फरवरी को अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गाड़ी संख्या 13166 कोलकाता एक्सप्रेस से यात्रा की। ट्रेन के झाझा रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उनकी पत्नी ने पर्स गायब होने की जानकारी दी। पर्स में सैमसंग मोबाइल, सोने का मंगलसूत्र, एक अंगूठी, दो चांदी की सिकरी, चांदी का बाला, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस और लगभग 1,000 रुपये नकद रखे थे। मामला रेल थाना में दर्ज कर जांच शुरू की गई।


“कहीं अन्य स्टेशनों पर भी ऐसी घटनाएं होती हैं, लेकिन यात्रियों द्वारा झाझा रेलवे स्टेशन में ही शिकायत दर्ज कराई जाती है। यहां जीरो केस चलता है, इसलिए झाझा का नाम यात्रियों द्वारा लिखा जाता है।”


-

बिंद कुमार, थानाध्यक्ष    
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
162939