बांका में दामाद ने की चोरी।
संवाद सूत्र, जागरण, बांका। टाउन थाना के दुधारी गांव में रिश्तों की मर्यादा को ताक पर रखकर एक दामाद ने अपने ही ससुराल में चोरी की घटना को अंजाम दिया। मुकेश यादव ने अपनी पत्नी के सोने-चांदी के गहनों और नकदी को चोरी कर फरार हो गया।
बाजार में होने के दौरान घर में चोरी
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को दुधारी गांव निवासी स्व. मनोज कुमार की पत्नी रिंकू देवी अपनी बेटी राखी कुमारी के साथ कपड़े की खरीदारी के लिए बाजार गई थीं। इस दौरान घर पर राखी का पति मुकेश यादव मौजूद था। जब मां-बेटी बाजार से लौटीं, तो उनका होश उड़ गया। घर के सभी ताले टूटे हुए थे और अंदर रखे बक्से से कीमती गहने व 25 हजार रुपये नकद गायब थे।
चोरी का शक दामाद पर
घर से दामाद के भी गायब होने के कारण शक उसी पर गया। पीड़िता रिंकू देवी ने बताया कि करीब छह वर्ष पहले उनकी बेटी की शादी मुकेश यादव से प्रेम-प्रसंग के बाद हुई थी। शादी के बाद दंपति अन्य प्रदेश चले गए, जहां उनकी एक बच्ची हुई। कुछ समय बाद मुकेश यादव द्वारा मारपीट शुरू हो गई, जिससे परेशान होकर बेटी मायके लौट आई।
पहले भी झेल चुकी थी परेशानियां
रिंकू देवी ने बताया कि खर्च नहीं मिलने पर वह पहले भी महिला थाना में आवेदन दे चुकी थीं। साथ ही, उन्होंने कहा कि मुकेश यादव पहले से शादीशुदा था, लेकिन इस बात को छुपाकर उन्होंने उनकी बेटी से प्रेम-विवाह किया। करीब एक महीने से वह दुधारी गांव में ही रह रहा था। मौका पाकर उसने अपने ससुराल में चोरी कर फरार होने की ठानी।
पुलिस में शिकायत दर्ज
घटना के बाद महिला और उनकी बेटी टाउन थाना पहुंचीं और लिखित आवेदन देकर दामाद पर चोरी का आरोप लगाया। पुलिस ने पुष्टि की है कि आवेदन दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच चल रही है। पुलिस ने कहा कि संदिग्ध की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ने के लिए कार्रवाई तेज की जाएगी।  |