search

UPPSC LT Grade Result 2025 : एलटी ग्रेड जीव विज्ञान व अंग्रेजी के प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित, 9954 अभ्यर्थी सफल

cy520520 Yesterday 20:57 views 761
  

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज की फाइल फोटो।



राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। UPPSC LT Grade Result 2025 उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (एलटी ग्रेड) परीक्षा-2025 के तहत जीव विज्ञान और अंग्रेजी विषयों की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम वेबसाइट पर जारी कर दिया है। दोनों विषयों के 9,954 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है। जीव विज्ञान में 214 पदों के लिए 2,789 अभ्यर्थी और अंग्रेजी के 657 पदों के लिए 7,165 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं।
जीव विज्ञान विषय में पुरुष शाखा के 185 पद

UPPSC LT Grade Result 2025 जीव विज्ञान विषय में पुरुष शाखा के 185 पद, महिला शाखा के 29 पद तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के तहत विशिष्ट अध्यापक के आठ पदों (स्पर्श दृष्टिबाधित-4, संकेत मूकबधिर-3, शारीरिक रूप से अक्षम-1) पर भर्ती प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इस विषय में 1,51,363 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 87,652 अभ्यर्थी 17 जनवरी को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा में सम्मिलित हुए थे।
अंग्रेजी विषय में महिला शाखा के 113 पद

UPPSC LT Grade Result 2025 अंग्रेजी विषय में पुरुष शाखा के 540 पद, महिला शाखा के 113 पद तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के तहत चार विशिष्ट अध्यापक पद (स्पर्श दृष्टिबाधित-1, संकेत मूकबधिर-2, शारीरिक रूप से अक्षम-1) सहित कुल 657 पदों पर चयन किया जाना है। इस विषय में 1,11,264 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 59,530 अभ्यर्थी 18 जनवरी को हुई प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए थे।
न्यूनतम मानक के कारण कुछ श्रेणियों में कम अभ्यर्थी

आयोग ने जानकारी दी है कि निर्धारित न्यूनतम दक्षता मानक अंक प्राप्त न कर पाने के कारण कुछ श्रेणियों में रिक्तियों के सापेक्ष 15 गुना अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हो सके हैं। मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम तथा सफल अभ्यर्थियों से आनलाइन आवेदन से संबंधित दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों के प्राप्तांक एवं कट-आफ अंक अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस संबंध में सूचना का अधिकार अधिनियम-2005 के तहत प्रार्थना-पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उत्तर प्रदेश से बाहर की महिला अभ्यर्थियों का परिणाम राज्य सरकार द्वारा उच्च न्यायालय में दायर विशेष अपील में पारित होने वाले अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा।   
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
162852