कौशांबी में सरायअकिल स्थित छेकवा घाट पर यमुना नदी में पांच दोस्त डूब गए, तीन को बचा लिया गया।
जागरण संवाददाता, कौशांबी। जनपद सरायअकिल क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हुआ। यहां के छेकवा गांव में यमुना नदी में स्नान करने गए पांच दोस्त एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में गहरे पानी में डूब गए। नदी में मछली का शिकार कर रहे एक नाविक ने किशोरों को डूबता देखा तो अथक प्रयास करके तीन को सकुशल बाहर निकाल लिया। करीब घंटेभर की तलाश के बाद दो का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया।
यमुना में स्नान करने साथ गए थे दोस्त
छेकवा गांव निवासी छक्कन का 16 वर्षीय नाती शिवम पुत्र स्व. जग्गू हाईस्कूल की परीक्षा देने के लिए ननिहाल आया था। मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे शिवम पड़ोस में रहने वाले 16 वर्षीय कुलदीप विश्वकर्मा पुत्र देव नारायण, 13 वर्षीय राविन पुत्र राजकुमार, 11 वर्षीय आर्यन पुत्र अमर व 13 वर्षीय हसन पुत्र वसीम अहमद के साथ गांव के किनारे यमुना नदी में स्नान करने चला गया।
शिवम को बचाने के प्रयास में हादसा
सभी लोग नदी में उतरे ही थे कि शिवम का पैर फिसल गया। वह गहरे पानी की ओर गया तो उसे बचाने के चक्कर में एक-एक कर सभी डूबने लगे। घटना देख नदी में मछली का शिकार कर रहा छेकवा गांव का कंथे नाव लेकर फौरन घटनास्थल पर पहुंचा। राविन, आर्यन व हसन को उसने किसी तरह बाहर निकाल लिया।
कुलदीप और शिवम का शव बरामद
कुलदीप और शिवम का कुछ पता नहीं चल सका। साथी बच्चों ने दोनों के पानी में डूबने की जानकारी दी तो हल्ला मच गया। काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन गहराव अधिक होने के चलते सिर्फ कटिया डालकर दोनों की खोजबीन की जाने लगी। करीब एक घंटे बाद दोनों के शव नदी में उतराने लगे। इस पर शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्या कहते हैं सीओ चायल?
सीओ चायल अभिषेक सिंह का कहना है कि पांच दोस्त छेकवा स्थित यमुना नदी में स्नान करने के लिए गए थे। पैर फिसलने के कारण सभी पानी में डूबने लगे। एक नाविक ने तीन को सकुशल बचा लिया। दो किशोर का पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस ने जाल डलवाया। डूबे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।  |
|