एक बोतल पर 100 रुपये एक्स्ट्रा... पश्चिम यूपी का वो जिला जहां रात एक बजे तक बेची जा रही दारू
जागरण संवाददाता, मेरठ। प्रदेश सरकार ने शराब की दुकानों का समय सुबह के 10 बजे से रात के 10 बजे तक किया हुआ है। यदि इसके बाद कोई शराब की बिक्री करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाती है।
मेरठ के दिल्ली रोड के कई शराब की दुकानों पर इस नियम का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। रात एक बजे तक शराब की दुकानों के शटर बंद करके नीचे से ब्लैक में शराब बेची जा रही है। इस तरफ न तो आबकारी विभाग का ध्यान है और ना ही पुलिस कुछ कर पा रही है।
दिल्ली रोड स्थित विनस गार्डन के समीप शराब की दुकान रात के एक बजे तक खुल रही है। इस दुकान का एक युवक ने रात एक बजे का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। वीडियो में दिख रहा है कि दुकान का शटर तो बंद है, लेकिन शटर को थोड़ा ऊपर उठाकर नीचे से लोगों को शराब बेची जा रही है।
दुकान के सामने पांच से सात लोग ग्राहक भी खड़े हैं। इसी तरह से दिल्ली रोड, पल्लवपुरम, गढ़ रोड आदि स्थानों पर भी शटर के नीचे से शराब बेची जा रही है। एक ग्राहक ने बताया कि रात के 10 बजे के बाद यदि आप शराब की एक बोतल लेंगे तो उस पर 100 रुपये ब्लैक के लिए जाते हैं। इसी कारण रात के एक बजे तक शराब की बिक्री शहर में होती है।
सेल्समैन अपने फायदे के है करते
शराब की दुकानों पर छोड़े गए सेल्समैन यह सब अपने फायदे के लिए करते हैं, लेकिन जो रात के एक बजे शराब खरीदकर सड़क पर खड़ा होकर शराब पी रहा है तो वह किसी न किसी अपराधिक घटना का कारण बनते है।
10 बजे के बाद यदि कोई शराब बेच रहा है तो उसके खिलाफ दुकान निरस्त तक की कार्रवाई हो सकती है। दिल्ली रोड पर यदि ऐसा हो रहा है तो इसकी जांच की जाएगी। अन्य ठेकों की भी जांच होगी। हम लोग समय समय पर चेकिंग भी करते हैं। चेकिंग के दौरान अभी तक कोई पकड़ा नहीं गया है। -प्रदीप कुमार, जिला आबकारी अधिकारी
 |
|