गंगानगर के आइआइएमटी विश्वविद्यालय में लगे रोजगार मेले में उमड़ी युवाओं की भीड़। जागरण
जागरण संवाददाता, मेरठ। आइआइएमटी विश्वविद्यालय गंगानगर के परिसर में मंगलवार सुबह से ही युवाओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। हाथों में फाइलें, चेहरे पर उम्मीद और दिल में नौकरी पाने का सपना लिए युवा आइआइएमटी परिसर में पहुंचे।
मौका था वृहद रोजगार मेले के पहले दिन का। यहां पहले ही दिन 50 से अधिक कंपनियों के स्टाल पर साक्षात्कार की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चली। अभ्यर्थी अपने नंबर का इंतजार करते नजर आए। सांसद अरुण गोविल ने रोजगार मेले का शुभारंभ किया। पहले ही दिन 2006 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार हुआ। जिसमें से 1169 युवाओं को नौकरी का आफर लैटर दिया गया।
मेले का शुभारंभ करते हुए सांसद अरुण गोविल ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में कोई भी बेरोजगार ना रहे। इसलिए सेवायोजन कार्यालय द्वारा मेरठ में अलग अलग स्थानों पर रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी योग्यता और कौशल के अनुसार अवसरों का लाभ उठाना चाहिए और ऐसे आयोजन आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय द्वारा आयोजित वृहद रोजगार मेले में दिल्ली एनसीआर, उत्तराखंड की 50 से अधिक कंपनी युवाओं का साक्षात्कार लेने के लिए पहुंची थी। सेवायोजन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रोजगार मेला 25 और 26 फरवरी को भी लगाया जाएगा। ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।
नौकरी के लिए आए युवाओं ने यह कहा
मैंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया हुआ है। पिछले काफी समय से नौकरी की तलाश कर रहा हूं। एक कंपनी के एचआर ने मेरा साक्षात्कार लिया और मैं चयनित हो गया। मुझे बहुत अच्छा लग रहा है।
यश शर्मा, डीएन पालीटेक्निक
मैं एक ग्रेजुएट हूं। मैं काफी समय से रोजगार की तलाश में हूं। मुझे रोजगार मेले का पता चला तो रजिस्ट्रेशन किया। साक्षात्कार हुआ तो मेरा चयन एक कंपनी ने कर लिया है। सरकार का धन्यवाद करना चाहूंगी। -नीनू सिंह, बुलंदशहर
मैंने बी-काम और सिविल में डिप्लोमा किया हुआ है। मुझे टेक्निकल क्षेत्र में नौकरी की तलाश है। आइआइएमटी में साक्षात्कार हुआ तो मुझे उम्मीद है मेरा चयन हो जाएगा। सरकार को ऐसे आयोजन करते रहना चाहिए। - मीतांशी वर्मा, ब्रह्मपुरी
मैंने एम-काम किया हुआ है। मैं पिछले काफी समय से आफिस की नौकरी की तलाश कर रही हूं। मेरा यहां पर साक्षात्कार हो गया है। उम्मीद है मेरा आफिस की नौकरी के लिए चयन होगा। -नेहा सिंह, सोफीपुर
 |
|