search

Bihar Land Mutation: 14वें दिन भी राजस्व कर्मचारियों की हड़ताल जारी, पूर्णिया पूर्व में दाखिल-खारिज ठप

LHC0088 1 hour(s) ago views 756
  

पूर्णिया पूर्व में दाखिल-खारिज ठप



संवाद सहयोगी, पूर्णिया पूर्व (पूर्णिया)। बिहार राज्य राजस्व कर्मचारी संघ के आह्वान पर राजस्व कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को लगातार 14वें दिन भी जारी रही। हड़ताल के कारण पूर्णिया पूर्व अंचल में दाखिल-खारिज (नामांतरण) सहित भूमि से जुड़े अधिकांश कार्य बुरी तरह प्रभावित हो गए हैं।

बीते 11 फरवरी से 17 सूत्री मांगों के समर्थन में कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर हैं, जिससे अंचल कार्यालयों में कामकाज लगभग ठप हो गया है। हड़ताल का सीधा असर किसानों और भूमि धारकों पर पड़ रहा है।

अंचल कार्यालय में दर्जनों दाखिल-खारिज आवेदन लंबित पड़े हैं। जमीन की खरीद-बिक्री, नामांतरण, परिमार्जन तथा उससे संबंधित बैंकिंग और सरकारी प्रक्रियाएं बाधित हो गई हैं। लोग रोजाना अंचल कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं मिल पा रहा है।

सरकार की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आवास, जाति, निवास और क्रीमी लेयर प्रमाण पत्र जारी करने की जिम्मेदारी पंचायत सचिवों को सौंपी गई है। इससे प्रमाण पत्र से जुड़े कार्यों में आंशिक राहत जरूर मिली है, किंतु दाखिल-खारिज की प्रक्रिया अब भी पूरी तरह बाधित है।

पूर्णिया पूर्व अंचल कार्यालय पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनते हुए अंचलाधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि हड़ताल से पहले प्राप्त लंबित आवेदनों का निष्पादन उनके स्तर से कर दिया गया है। हालांकि, 7 फरवरी के बाद प्राप्त सभी आवेदन हड़ताल के कारण लंबित हैं। इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को भेज दी गई है और आवश्यक निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

चांदी पंचतत्व से पहुंचे ग्रामीण संतोष कुमार सिंह ने कहा कि हड़ताल के कारण उनका काम अटका हुआ है और यह स्पष्ट नहीं है कि कब तक स्थिति सामान्य होगी। वहीं, लालगंज गांव के चिन्मय दास ने बताया कि उनका परिमार्जन कार्य रिपोर्ट के अभाव में लंबित है।

उन्होंने कहा कि वे प्रतिदिन अंचल कार्यालय आ रहे हैं, लेकिन कोई ठोस जवाब नहीं मिल रहा। हड़ताल समाप्त होने तक नामांतरण की प्रक्रिया बहाल होने की संभावना कम दिख रही है, जिससे आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।   
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
165074