ओडिशा में पूर्व बीजेडी विधायक के फार्महाउस पर चला बुलडोजर
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। जाजपुर जिले में प्रशासन ने मंगलवार को अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए धर्मशाला तहसील अंतर्गत पांतुरी इलाके में स्थित एक फार्महाउस पर बेदखली अभियान चलाया। यह फार्महाउस पूर्व बीजेडी विधायक प्रणब बलवंत राय से जुड़ा बताया जा रहा है।
अभियान के दौरान तहसील प्रशासन ने जेसीबी सहित भारी मशीनरी की मदद से सरकारी भूमि पर बनी चारदीवारी को ध्वस्त किया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, कुल 12 एकड़ 88 डिसमिल भूमि को चारदीवारी से घेरा गया था, जिसमें से लगभग 1 एकड़ 10 डिसमिल भूमि सरकारी बताई गई है। इसी हिस्से को अवैध रूप से कब्जाए जाने की पुष्टि होने के बाद बेदखली की कार्रवाई शुरू की गई।
सूत्रों ने बताया कि फार्महाउस परिसर के भीतर बकरी पालन केंद्र भी संचालित किया जा रहा था। अभियान के दौरान अतिक्रमित सरकारी भूमि पर बने ढांचे और चारदीवारी के कुछ हिस्सों को तोड़ दिया गया।
धर्मशाला के अतिरिक्त तहसीलदार गगन बिहारी दास ने कहा कि भूमि अभिलेखों के गहन सत्यापन के बाद यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया, “रिकॉर्ड के अनुसार 1 एकड़ 10 डिसमिल सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। बेदखली की प्रक्रिया जारी है और इसे आज ही पूरा कर लिया जाएगा।”
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भूमि अभिलेख सत्यापन की अंतिम रिपोर्ट के आधार पर आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई जाजपुर जिला के धर्मशाला तहसील क्षेत्र में की गई।  |
|