ओडिशा के कोरापुट में महिला और नाबालिग बेटे की हत्या, दो अलग-अलग नहर से मिले शव
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा के कोरापुट जिले में मंगलवार को महिला और उसके नाबालिग बेटे के शव दो अलग-अलग नहरों से मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों कुछ दिन पहले लापता बताए जा रहे थे। पुलिस इस मामले को पूर्व नियोजित दोहरे हत्याकांड के रूप में देखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग का शव बोरे में बंद अवस्था में कोटपाड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत जयपुर के पास एक नहर से बरामद किया गया। इसके कुछ घंटों बाद महिला का शव जयंतगिरि के समीप दूसरी नहर से मिला।
बताया गया कि महिला और उसका बेटा 21 फरवरी से लापता थे। परिजनों ने इस संबंध में बोरीगुम्मा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके दौरान दोनों शव बरामद हुए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि मामले के पीछे प्रेम प्रसंग का एंगल हो सकता है। सूत्रों के अनुसार, एक युवती का किसी युवक के साथ प्रेम संबंध था, जिसका परिवार विरोध कर रहा था।
आशंका है कि महिला और नाबालिग ने इस रिश्ते का विरोध किया था, जिससे नाराज होकर युवती ने अपने कथित साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने महिला और उसके कथित पुरुष साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।  |
|