नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने सीयूईटी-यूजी के लिए पोर्टल फिर से खोला।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू कश्मीर के डिग्री कालेजों में अकादमिक सत्र 2026 में अंडर ग्रेजुएट में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए एक आखिरी मौका दिया गया है। इन दाखिलों के लिए आवश्यक सीयूईटी-यूजी में आवेदन करने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने फिर से पोर्टल खोला है।
जारी अधिसूचना के तहत विद्यार्थी सीयूईटी-यूजी देने के लिए 26 फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को इस तरह से तीन दिन का समय मिल जाएगा। एजेंसी ने कहा कि सात फरवरी को यह प्रक्रिया बंद हो गई थी। बढ़ी संख्या में युवाओं की तरफ से आग्रह मिलने के बाद अब तीन दिन के लिए आवेदन की प्रक्रिया को खोलने का फैसला किया गया है। सीयूईटी-यूजी के लिए प्रस्तावित तिथियां 11 मई से 31 मई के बीच निर्धारित की गई है।
जम्मू-कश्मीर में कुल 143 डिग्री कालेज
बताते चलें कि जम्मू कश्मीर के डिग्री कालेजों में अंडर ग्रेजुएट कोर्स में दाखिला के लिए सीयूईटी-यूजी आवश्यक रखा गया है। सीटें के बचने पर गैर सीयूईटी-यूजी को दाखिला दिया जाता है। जम्मू-कश्मीर में कुल 143 डिग्री कालेज हैं। इनमें जम्मू व श्रीनगर शहरों के अलावा जिला मुख्यालयों पर कालेजों में दाखिला के लिए सीयूईटी-यूजी की जरूरत महसूस होती है।
दूरदराज व ग्रामीण इलाकों में कालेजों में गैर सीयूईटी-यूजी पर ही दाखिला मिल जाता है। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग जल्द ही ऐसे कालेजों की सूची को जारी करेगा यहां पर सीयूईटी-यूजी की जरूरत नहीं होगी। जम्मू कश्मीर से पचास हजार से अधिक उम्मीदवारों ने इसके लिए आवेदन पहले ही कर दिया है।
अब अगर कुछ शेष बचे होंगे तो उनको भी मौका मिल जाएगा। उम्मीदवारों की मांग यही रहती है कि इसके लिए परीक्षा केंद्र प्रदेश के जम्मू, श्रीनगर या अन्य नजदीकी शहरों में ही बनाए जाएं। पिछले दो सालों से कई परीक्षा केंद्र दूसरे प्रदेशों में बन रहे है जिस कारण विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।  |