मैनपुरी एसडीएम व अन्य।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की सोमवार को दूसरी पाली की परीक्षा में इनपुट के आधार पर एसटीएफ आगरा और भोगांव एसडीएम की संयुक्त कार्रवाई में बेवर थाना क्षेत्र के स्व. महाराज सिंह स्मारक इंटर कालेज जोत में सामूहिक नकल पकड़ी गई है। केंद्र के पीछे खाली खेत में बैठकर सॉल्वर उत्तरपुस्तिकाओं पर सवाल हल कर रहे थे।
एसटीएफ ने मौके से छह साल्वर को हिरासत में लिया है। मौके पर गणित की दो अधलिखीं उत्तर पुस्तिका व जीव विज्ञान विषय का पेपर भी मिला है। एक युवती सहित छह लोग फरार हो गए हैं। डीआइओएस और एसटीएफ द्वारा बेवर थाने में तहरीर दी जा रही है।
परीक्षा केंद्र के पीछे खेत में सॉल्वर लिख रहे थे कॉपियां
सोमवार को दोपहर में पाली में इंटरमीडिएट के गणित और जीव विज्ञान विषय का पेपर था। मुख्य विषय के पेपर को देखते हुए सभी 93 केंद्र पर निगरानी बढ़ाई गई थी। परीक्षा आरंभ होने से पहले ही एसटीएफ को नकल से संबंधित इनपुट मिल चुका था।
गोपनीय ढंग से मैनपुरी पहुंचे एसटीएफ के इंस्पेक्टर योगेंद्र सिंह ने भोगांव एसडीएम संध्या शर्मा से जानकारी साझा की और सामूहिक रूप से छापे की योजना बनाई। शाम लगभग चार बजे टीम ने स्व. महाराज सिंह स्मारक इंटर कालेज जोत में छापा मारा। यहां केंद्र के पीछे खेत में साल्वर उत्तर पुस्तिकाएं लिख रहे थे।
इनपुट के आधार पर आगरा से पहुंची थी एसटीएफ, डीआईओएस व एसटीएफ ने दी तहरीर
टीम को देख एक युवती सहित छह लोग मौके से फरार हो गए, जबकि छह साल्वर को एसटीएफ से पकड़ लिया। मौके पर गणित विषय की दो अधलिखीं उत्तर पुस्तिका और जीव विज्ञान विषय का पेपर भी मिला है। सूचना मिलते ही एसडीएम भोगांव संध्या शर्मा, एएसपी सिटी अरुण कुमार सिंह, डीआईओएस सतीश कुमार भी मौके पर पहुंच गए।
पकड़े गए सॉल्वर आशीष, अनुज, अंकित, शिवम चौहान, अरुण कुमार और अवनीत को बेवर थाने लाया गया। बाह्य केंद्र व्यवस्थापक संतोष कुमार, स्टेटिक मजिस्ट्रेट योगेश कुमार पशुधन प्रसार अधिकारी के विरुद्ध भी कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
केंद्र के पूरे स्टाफ को परिवर्तित किया जाएगा
डीआईओएस सतीश कुमार का कहना है कि पेपर और उत्तर पुस्तिका केंद्र व्यवस्थापक द्वारा ही बाहर निकलवाई थीं। केंद्र डिबार संग मान्यता प्रत्याहरण की संस्तुति की जा रही है। केंद्र के पूरे स्टाफ को परिवर्तित किया जाएगा। केंद्र व्यवस्थापक सहित नौ के विरुद्ध तहरीर दी जा रही है। सुबह की पहली पाली में हाईस्कूल के अंग्रेजी विषय की परीक्षा में भी नेहरू स्मारक इंटर कालेज, समान में नकल करते छात्रा भी पकड़ी गई थी।
जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि छह सॉल्वर हिरासत में हैं। दो कॉपियां व जीव विज्ञान का पेपर परीक्षा केंद्र के बाहर मिला है। कार्रवाई की जा रही है।  |