दिल्ली में ट्यूलिप उत्सव का शुभारंभ।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। लुटियंस दिल्ली की सड़कों पर लगे तीन लाख से अधिक ट्यूलिप खिल चुके हैं। सोमवार को नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के चेयरमैन केशव चंद्रा, उपाध्यक्ष कुलजीत चहल और नीदरलैंड की राजदूत मारिसा गेरार्ड्स ने संयुक्त रूप से लुटियंस दिल्ली की सड़कों सहति शांति पथ लान में लगी ट्यूलिप प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस मौके पर एनडीएमसी के चेयरमैन केशव चंद्रा ने बताया कि शांति पथ के आसपास स्थित स्मारकों के इतिहास पर आधारित एक प्रदर्शनी शांति पथ पर खिले हुए ट्यूलिपों के बीच प्रदर्शित की गई है।
उन्होंने बताया कि दूसरी बार एनडीएमसी ने एक लाख ट्यूलिप बल्बों के गमले आम जनता के लिए बिक्री के लिए उपलब्ध कराया है। ये गमले शांति पथ लान, लोधी गार्डन, नेहरू पार्क, तालकटोरा गार्डन, सेंट्रल पार्क तथा एनडीएमसी की नर्सरियों (सफदरजंग मदरसा, गुरुद्वारा पार्क, पुराना किला मार्ग आदि) में बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में आम जनता से अत्यधिक सराहना मिलने के बाद ट्यूलिप उत्सव के चौथे संस्करण को शुरू किया है। जो कि नई दिल्ली में भव्य पुष्प सज्जा के माध्यम से बसंत ऋतु का स्वागत कर रहा है।
उन्होंने बताया कि एनडीएमसी ने वर्ष 2017–18 में मौसम की उपयुक्तता का आकलन करने के लिए परीक्षण के रूप में ट्यूलिप बल्बो का रोपण प्रारंभ किया था। मात्र 17 हजार बल्ब से शुरू हुई यह पहल अब एक प्रमुख वार्षिक आयोजन बन चुका है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 5,17,500 ट्यूलिप बल्ब मंगाए गए , जिनमें से 3,25,000 बल्ब एनडीएमसी के लिए तथा 1,92,500 बल्ब दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के थे।
एनडीएमसी ने लगभग 2,25,000 बल्ब शांति पथ, सेंट्रल पार्क (कनाट प्लेस), कन्वेंशन सेंटर, लोधी गार्डन, तालकटोरा गार्डन, सरदार पटेल मार्ग, मंडी हाउस, विंडसर प्लेस, शेरशाह सूरी मार्ग तथा उपराष्ट्रपति भवन के निकट स्थित गोल चक्कर सहित प्रमुख स्थलों पर लगाए गए है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त लगभग 1,00,000 ट्यूलिप बल्ब गमलों में लगाए गए थे और उन्हें आम जनता की खरीद के लिए भी उपलब्ध कराया गया है।
एनडीएमसी ने लोधी गार्डन स्थित ट्यूलिप हाउस संरक्षण केंद्र में सुरक्षित रखे गए 15,000 बल्बो तथा पालमपुर स्थित वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद- हिमालय जैव संपदा प्रौद्योगिकी अनुसंधान केंद्र से प्राप्त 20,700 बल्बो का भी रोपण किया था। दूसरे वर्ष एनडीएमसी ने एक लाख गमले वाले ट्यूलिप पौधे सार्वजनिक बिक्री के लिए तैयार किए हैं।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के कूड़ा पहाड़ों पर नए नियमों से होगा कचरा निस्तारण, MCD ने तीसरे चरण के लिए RFP शर्तों में किया बदलाव  |