search

धनबाद नगर निगम चुनाव: कड़ी सुरक्षा में स्ट्रांग रूम में रखे गए बैलेट बॉक्स, अब शुरू हुआ हार-जीत का गुणा-भाग

deltin33 1 hour(s) ago views 492
  

मतदान के बाद अंगुली दिखाते चंद्रशेखर अग्रवाल और संजीव सिंह। ( फोटो जागरण)



जागरण संवाददाता, धनबाद। धनबाद नगर निगम और चिरकुंडा नगर परिषद चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने के बाद 1019 बूथों से पोलिंग पार्टियां बैलेट बॉक्स लेकर सोमवार देर रात तक राजकीय पॉलिटेक्निक पहुंचीं। यहां बनाए गए स्ट्रांग रूम में बैलेट बॉक्स को कड़ी सुरक्षा के बीच सील कर दिया गया।

अब 27 फरवरी को मतगणना के दिन स्ट्रांग रूम खोला जाएगा। तब तक मेयर, अध्यक्ष और पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी व उनके समर्थक हार-जीत का गुणा-भाग करते रहेंगे। धनबाद नगर निगम चुनाव के बाद मेयर पद को लेकर जो तस्वीर सामने आई है, उसके मुताबिक चंद्रशेखर अग्रवाल, संजीव सिंह, शमशेर आलम, संजीव कुमार और प्रकाश महतो के बीच टक्कर की चर्चा है। हालांकि ज्यादातर लोगों की जुबान पर चंद्रशेखर अग्रवाल और संजीव सिंह का ही नाम चढ़ा हुआ है।

राजकीय पॉलिटेक्निक में बनाए गए स्ट्रांग रूम तक मतदान के बाद बैलेट बॉक्स पहुंचाने के लिए पोलिंग पार्टियों हेतु विशेष रूप से 23 ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए थे। उनके वाहनों के लिए विनोद बिहारी चौक से बेकरबांध तक वन वे ट्रैफिक लागू किया गया था।

रिसीविंग सेंटर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त आदित्य रंजन के अलावा एसएसपी प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे सहित अन्य वरीय प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

राजकीय पालिटेक्निक में माइक्रो आब्जर्वर प्रतिवेदन, मेडिकल कैंप, अव्यवहृत मतपेटी, हेल्प डेस्क, मोबाइल टायलेट के अलावा पोलिंग पार्टियों के लिए कई विशेष व्यवस्था की गई थी। मतपेटिका एवं चुनाव सामग्री रिसीव करने के लिए धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 1 से 5, 6 से 10, 11 से 15, 16 से 20, 21 से 25, 26 से 30, 31 से 35, 36 से 40, 41 से 45, 46 से 50 एवं 51 से वार्ड संख्या 55 तथा चिरकुंडा नगर परिषद के वार्ड संख्या 1 से 21 के लिए अलग-अलग रिसीविंग काउंटर बनाए गए थे। हर काउंटर पर प्रवेश एवं निकास की अलग-अलग व्यवस्था थी।
विशेष पंडाल व हेल्प डेस्क की रही व्यवस्था

पालिटेक्निक में पोलिंग पदाधिकारियों को विभिन्न प्रपत्र भरने के लिए विशेष पंडाल एवं हेल्प डेस्क भी उपलब्ध रहा। जहां बैठकर प्रपत्रों को भरकर, निर्धारित लिफाफे में सील कर संबंधित काउंटर में जमा कराया। इस दौरान वरीय पदाधिकारी भी भ्रमणशील रहे ताकि प्रपत्रों को भरने में कोई त्रुटि नहीं रहे।

वहीं, पीठासीन पदाधिकारी द्वारा व्यवहृत मतपेटी, विधिक पैकेट, अविधिक पैकेट, तिसरा पैकेट, पीठासीन पदाधिकारी की डायरी, मतपत्र लेखा आदि के प्राप्ति के कार्य को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए धनबाद नगर निगम के 11 निर्वाची पदाधिकारी के लिए 11 कॉउण्टर के अधीन 33 उप-काउण्टर भी बनाए गए थे।

जबकि चिरकुण्डा नगर परिषद में मतदान केन्द्रो की संख्या कम होने के कारण चार निर्वाची पदाधिकारी के लिए 4 काउण्टर थे। हर काउंटर पर कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। वहीं रिसीविंग सेंटर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि देर रात तक सभी 1019 बूथ से मत पेटिका स्ट्रांग रूम पहुंच गई। सभी मतपेटिका पहुंच जाने के बाद स्ट्रांग रूम को सील कर दिया गया। तत्पश्चात स्ट्रांग रूम थ्री लेयर सिक्योरिटी में रहेगा। 27 फरवरी 2026 को मतों की गिनती शुरू की जाएगी।   
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
475890