Indo Nepal Border News: सीमावर्ती शहर में रविवार शाम हुई झड़प के बाद हालात तनावपूर्ण। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, रक्सौल (पूर्वी चंपारण)। Nepal Community Clash: नेपाल के पर्सा जिला अंतर्गत वीरगंज महानगरपालिका क्षेत्र में दो समुदायों के बीच हुए विवाद के बाद प्रशासन ने सोमवार से कर्फ्यू लागू कर दिया है। रक्सौल से सटे इस सीमावर्ती शहर में रविवार शाम हुई झड़प के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए थे।
प्रशासन ने एहतियातन कदम उठाते हुए सोमवार सुबह करीब पौने दस बजे से कर्फ्यू आदेश जारी किया। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे अपने घरों में ही रहें और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें।
पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज
जानकारी के अनुसार, वीरगंज महानगरपालिका के वार्ड नंबर-11 स्थित श्रीपुर इलाके में वाहन पार्किंग को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और स्थिति झड़प में बदल गई।
हालात को नियंत्रित करने के लिए नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल को हस्तक्षेप करना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया गया, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया।
नारेबाजी की आशंका के बीच कर्फ्यू
सोमवार सुबह क्षेत्र में नारेबाजी और संभावित जुलूस की सूचना के बाद प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए कर्फ्यू लागू कर दिया। पर्सा के पुलिस प्रमुख एसपी नरेशराज सुवेदी ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए नेपाल पुलिस, सशस्त्र प्रहरी बल और नेपाली सेना को संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क है। |