शिक्षा निदेशक से मारपीट मामले में हिस्ट्रीशीटर सहित हिरासत में चार आरोपित।
जागरण संवाददाता, देहरादून। ननूरखेड़ा स्थित निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय कुमार नौडियाल पर हमला करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। इसमें वीडियो में दिख रहा एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
वहीं इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए वीडियो के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि विवेचना में जिस किसी का नाम भी सामने आएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
स्कूल का नाम भूमिदान करने वालों के नाम पर रखे जाने को लेकर उपजे विवाद के बाद शनिवार को ननूरखेड़ा स्थित शिक्षा निदेशालय पहुंचे विधायक उमेश शर्मा काऊ अपने समर्थकों के साथ पहुंचे थे।
धीरे-धीरे विवाद बढ़ा और विधायक के समर्थकों ने शिक्षा निदेशक प्रारंभिक के साथ मारपीट कर दी और उनके ऊपर कुर्सियां भी उछाली।
इस मामले में रायपुर थाना पुलिस ने शिक्षा निदेशक अजय कुमार नोडियाल की तहरीर पर विधायक रायपुर विधानसभा उमेश शर्मा काऊ व उनके समर्थकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया।
देर रात विधायक उमेश शर्मा काऊ के गनर ने भी अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। विधायक के गनर सुधीर बहुगुणा ने तहरीर दी है कि विधायक दोपहर लगभग 12:30 बजे विद्यालय का नाम भूमिदान करने वालों के नाम पर रखे जाने संबंधी पत्र की प्रगति जानने और शासन को भेजे गए पत्र की प्रति मांगने पहुंचे थे।
वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने अचानक शोरगुल शुरू कर दिया। सुरक्षाकर्मी का कहना है कि विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने मोबाइल फोन उठाकर विधायक की ओर फेंका, जो उनके कंधे से नीचे गिरा और किसी अज्ञात व्यक्ति को लग गया। इसके बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
आरोप है कि कुछ लोगों ने सरकार और मुख्यमंत्री के विरोध में नारेबाजी कर भीड़ को उकसाया तथा बाहर से ताला लगाकर विधायक और सुरक्षाकर्मियों को कमरे में बंद कर दिया।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। वीडियो में मारपीट करता एक हिस्ट्रीशीटर भी दिख रहा है, जिसे हिरासत में लिया गया है। सभी आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि हिस्ट्रीशीटर का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। विवाद में हिस्ट्रीशीटर की पूरी भूमिका की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि तहरीर व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर सक्षम धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें- देहरादून: दिगम्बर धीमान हत्याकांड में तीन गिरफ्तार, पैसों के विवाद में हुई थी हत्या
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के तीन मेगा प्रोजेक्ट पर सरकार की नजर, सीएम धामी ने दिए खास निर्देश |
|