search

हाथरस में सड़क हादसों का कहर: मां-बेटे समेत तीन की मौत, कई घायल

Chikheang 1 hour(s) ago views 547
  



जागरण संवाददाता, हाथरस। आगरा अलीगढ़ नेशनल हाईवे के हतीसा पुल पर रविवार दोपहर सड़क हादसे में स्कूटी सवार मां-बेटे को वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मृत्यु हो गई। युवक अपनी मां को सासनी स्थित दवा दिलाने आगरा से आया था।  

आगरा के प्रकाश नगर रामबाग निवासी 30 वर्षीय सोनू अपनी 55 वर्षीय मां मुन्नी बेगम को दवा दिलवाने के लिए सासनी के गांव विधैपुर जा रहा था। हतीसा पुल के निकट किसी वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मां-बेटा सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गई। अस्पताल में चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे की जानकारी मृतकों के स्वजन को दी।

सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। मुन्नी बेगम पिछले कुछ समय से लकवे से पीड़ित थीं और उनका इलाज चल रहा था। सोनू आगरा में एक ढलाई फैक्ट्री में काम करता था। हाल ही में उसकी पत्नी का निधन हो गया था और वह अपने पीछे दो छोटे बच्चे छोड़ गया है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।

सादाबाद-राया रोड पर हादसे में नवजात बेटी के पिता की मृत्यु

कोतवाली क्षेत्र में सादाबाद-राया मार्ग पर मीरपुर गांव के समीप शनिवार देर रात सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार 20 वर्षीय दीपक उर्फ दीपू की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उसका साथी धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

दीपक आगरा की एक जूता फैक्ट्री में कार्यरत था और आगरा से मुरसान क्षेत्र के गांव पटैनी जा रहा था, तभी किसी किसी वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने घायल धर्मेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। दीपक के घर पांच दिन पूर्व ही बेटी का जन्म हुआ था और रविवार को घर में छठी पूजन का कार्यक्रम होना था, लेकिन इस खुशियों भरे माहौल में अचानक आई इस दुखद खबर से परिवार में मातम छा गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर ट्रैक्टर-ट्राली पलटी, एक घंटे तक जाम

आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग पर रविवार सुबह अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई, जिससे सड़क पर ईंटें बिखर गईं और डिवाइडर तोड़ दिए। हाथरस से आगरा जा रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और लाइट पोल से टकराकर पलट गई।

हादसे के बाद ईंटें सड़क पर फैल गईं, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई, लेकिन गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन मंगवाकर सड़क पर फैली ईंटों को हटवाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हो सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे हादसा हुआ।  

टेंपो ने मोपेड को मारी टक्कर, बुुजुर्ग समेत बच्चा घायल

मथुरा मार्ग पर रविवार दोपहर तेज रफ्तार लोडर ने सामने से आ रही टेंपो को टक्कर मार दी। हादसे में मोपेड सवार बुजुर्ग रामनारायण उर्फ नौरा पंडित निवासी गांव बिसावर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि टेंपो में बैठा एक बच्चा भी चोटिल हो गया। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए निजी चिकित्सालय ले जाया गया।

रामनारायण किसी कार्य से सादाबाद आए थे और दोपहर बाद मोपेड से गांव लौट रहे थे। अनियंत्रित टेंपो ने उनकी मोपेड में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मोपेड क्षतिग्रस्त हो गई और रामनारायण सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को सड़क से उठाकर अस्पताल पहुंचाया।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
166285