नवोदय विद्यालय में विश्व चिंतन दिवस समारोह आयोजित, ध्वजारोहण के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ। जागरण
संवाद सहयोगी, केवटी (दरभंगा) । पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय पचाढ़ी में रविवार को लार्ड राबर्ट बेडेन पावेल एवं लेडी ओलाव बेडेन पावेल के जन्मदिवस पर विश्व चिंतन दिवस समारोह का आयोजन किया गया।
ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। तत्पश्चात लार्ड बेडेन पावेल की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया तथा उनके जीवन के आदर्शों, सेवा, अनुशासन, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्रनिष्ठा पर प्रकाश डाला गया।
इस समारोह के अंतर्गत पर्यावरण जागरूकता रैली, स्काउट-गाइड पार्क में पौधरोपण, चित्रकला प्रतियोगिता एवं पर्यावरण जागरूकता विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई।कार्यक्रम प्रभारी अमिताभ पाठक ने कहा कि स्काउट-गाइड आंदोलन केवल एक सह पाठ्यक्रम गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों का प्रशिक्षण है।
उन्होंने विद्यार्थियों को सेवा, नेतृत्व, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को अपने दैनिक जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। स्काउट ट्रेनर आफताब आलम के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित हुआ।
विद्यालय के प्राचार्य डा. चंद्रसेन ने कहा कि स्काउट-गाइड विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं सेवा भावना का विकास करता है। उन्होंने विद्यालय व्यवस्था में स्काउट-गाइड के महत्वपूर्ण योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रार्थना सभा संचालन, राष्ट्रीय पर्वों पर अनुशासन व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत, सामाजिक सेवा कार्यों तथा आपदा प्रबंधन जैसी गतिविधियों में उनका सहयोग अत्यंत सराहनीय रहता है।
कहा कि स्काउट-गाइड पर्यावरण संरक्षण में अग्रणी भूमिका निभाने की क्षमता रखते हैं और पौधरोपण, स्वच्छता अभियान एवं जल संरक्षण जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं।
वरीय शिक्षिका नीलम शर्मा ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के आर्थिक महत्व से अवगत कराते हुए सतत विकास की अवधारणा को स्पष्ट किया। कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग ही भविष्य की आर्थिक स्थिरता का आधार है।
समारोह में 65 स्काउट-गाइड ने सक्रिय रूप से भाग लिया। मौके पर आलोक शर्मा, अरविंद मिश्रा,ममता कुमारी, आलम आरा,जीएन पाठक, संजय सिंह आदि मौजूद रहे। |