शिक्षकों से हैश टैग अभियान चलाने का आह्वान।
जागरण संवाददाता, बस्ती। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विष्णु दत्त शुक्ल की अध्यक्षता में शनिवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय कांचीडड़वा में शिक्षकों की बैठक हुई। इसमें 22 फरवरी को शिक्षकों से हैशटैग अभियान चलाने की अपील की गई।
जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विष्णु दत्त शुक्ल ने बताया कि प्रांतीय आह्वान पर टेट अनिवार्यता के विरोध में 22 फरवरी को दिन में दो से शाम चार बजे तक एक्स ( ट्विटर) पर सभी शिक्षकों से हैशटैग अभियान संचालित करने की अपील की जा रही है।
उन्होंने कुछ शिक्षकों को मोबाइल में एक्स ऐप डाउनलोड भी करवाया। कहा कि टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर विरोध जताया जाएगा। जिले के मान्यता प्राप्त संगठनों के साथ बैठक के उपरांत टेट अनिवार्यता के विरोध में आंदोलन शुरू किया गया है, जो चार चरण में होगा।
प्रथम चरण के आंदोलन में 22 फरवरी को हैशटैग अभियान चलाया जाएगा। 23 फरवरी से 25 फरवरी तक सभी शिक्षक काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करेंगे। 26 फरवरी को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बस्ती कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया जाएगा।
मार्च के तीसरे सप्ताह में नई दिल्ली के रामलीला मैदान में महा रैली कर भारत सरकार को ज्ञापन दिया गया। उन्होंने सभी शिक्षकों से एकजुट रहने की अपील की।
बैठक में प्रदीप कुमार पांडेय, रितेश कुमार भारती, संदीप कुमार, हेमंत वर्मा, धर्मराज,सभाजीत, रुद्र प्रताप चौधरी, सुनील कुमार, राज मंगल सिंह,अरविंद भास्कर आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- सीएम योगी आदित्यनाथ का UP को ‘मैन्युफैक्चरिंग हब ऑफ इंडिया’ बनाने का लक्ष्य, आज सिंगापुर-जापान होंगे रवाना |