स्मैक की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर पथराव का मामला. Concept
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। स्मैक तस्करी की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर पथराव करने वाले तीन हमलावरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि फरार चल रहे छह आरोपितों की तलाश में पुलिस लगी हुई है। गिरफ्तारी न होने पर पुलिस उनके घर की कुर्की करेगी।
एक फरवरी को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स सुभाष कालोनी स्थित कल्लू के घर स्मैक की तस्करी की सूचना पर पहुंची थी। जहां पर पुलिस टीम पर पथराव कर दिया गया था। इस दौरान हेड कांस्टेबल भुवन पांडे घायल हो गया था।
मामले में पुलिस ने तब 64 ग्राम स्मैक के साथ हसीना पत्नी इलियास को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि उसके देवर नाजिम उर्फ नदीम, शाहरूख, इरशाद उर्फ दाऊद उर्फ शद्दा, सूरज, अनमोल, अफसाना, फिजा, रोशनी, फरहाना फरार हो गए थे।
मामले में पुलिस ने उन पर प्राथमिकी पंजीकृत कर तलाश शुरू कर दी थी। काफी प्रयास के बाद भी उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई तो पुलिस ने उनके विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई के लिए कोर्ट में आवेदन किया था। जिसके बाद कोर्ट ने उनके विरुद्ध 82 का उद्धघोषणा जारी कर आरोपितों के घर में नोटिस चस्पा कर दिया था।
इधर, रविवार को पुलिस को हमलावरों के संबंध में कुछ जानकारी मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने तीन आरोपित सुभाष कालोनी निवासी इरशाद उर्फ सद्दा उर्फ दाऊद, सूरज कुमार प्रजापति और शाहरूख को दबोच लिया है। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर अन्य फरार चल रहे छह आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
एसएसआइ केसी आर्या ने बताया कि तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके बाद फरार छह आरोपितों की भी तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- रुद्रपुर में बुलडोजरों से हुआ सीएम धामी का स्वागत, देखते रह गए लोग
यह भी पढ़ें- रुद्रपुर: होटल में ले जाकर कोचिंग टीचर ने किया छात्रा से दुष्कर्म, बोला- \“किसी को बताया तो अच्छा नहीं होगा\“ |