दो नाबालिग घर से लापता, सेक्टर-नौ थाने में केस दर्ज। सांकेतिक तस्वीर
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर। सेक्टर-नौ थाना क्षेत्र से दो नाबालिग सहेलियों के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों 11 फरवरी की सुबह घर से बिना बताए निकलीं और देर शाम तक वापस नहीं लौटीं।
परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पुलिस में शिकायत दी गई। पुलिस ने अपहरण की आशंका के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुर्गा नगर में किराए पर रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के संभल जिले का निवासी है और पिछले करीब एक साल से परिवार सहित अंबाला शहर में रह रहा है।
उसकी नाबालिग बेटी की दोस्ती पड़ोस में रहने वाले एक अन्य परिवार की नाबालिग लड़की से थी। शिकायत के अनुसार 11 फरवरी को सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच दोनों सहेलियां अपने-अपने घरों से निकलीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं।
परिजनों ने पहले आसपास और रिश्तेदारों में तलाश की, पर कोई जानकारी नहीं मिली। दोनों के पास मोबाइल फोन भी नहीं है। दोनों परिवारों का कहना है कि फिलहाल उन्हें किसी पर सीधा संदेह नहीं है, लेकिन बच्चियों के अचानक गायब होने से परिवार बेहद चिंतित है। |