नैनीताल हाइवे पर डीआरएम ऑफिस के पास रेलवे क्रॉसिंग। जागरण
जागरण संवाददाता, बरेली। नैनीताल हाईवे पर डीआरएम आफिस और यांत्रिक कारखाना इज्जतनगर मंडल के मध्य बन रहा अंडरपास जल्द बनकर तैयार हो जाएगा। अंडरपास का लगभग 90 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। दोनों छोर पर छत डालने और फिनिशिंग का काम शेष रह गया है। अंडरपास के शुरू होने से दो क्रासिंग बंद कर दी जाएंगी और जाम की समस्या का समाधान हो जाएगा।
नैनीताल हाईवे पर पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के डीआरएम आफिस के पास क्रासिंग है। इससे पहले यांत्रिक कारखाना के पास दूसरी क्रासिंग है। जब कोई ट्रेन या इंजन गुजरता है तो दोनों क्रासिंग बंद की जाती हैं। क्रासिंग बंद होने की वजह से वाहन नैनीताल हाईवे पर खड़े हो जाते हैं और रास्ता संकुचित हो जाता है।
ऐसे में नैनीताल, बहेड़ी और भोजीपुरा की ओर से आने वाले वाहनों की रफ्तार थम जाती है और जाम लगता है। बार-बार क्रासिंग बंद होने और जाम की समस्या से निजात के लिए रेलवे की ओर से अंडरपास बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया। 16.8 करोड़ की लागत से साल 2023 के मध्य से अंडरपास बनने का काम शुरू किया गया।
इसमें पिछले साल मई में तेजी आई। इस दौरान 90 दिनों तक रूट डायवर्जन लेकर हाईवे के नीचे सुरंग बनाकर खोदाई की गई। इसके बाद से लगातार तेजी से काम चल रहा है। यह अंडरपास दोनों क्रासिंग के बीच 470 मीटर लंबा बनाया जा रहा है। अंडरपास में रेलवे लाइन के पार यांत्रिक कारखाना और डीआरएम आफिस के मध्य में काम लगभग पूरा हो चुका है।
नैनीताल हाईवे पर रेलवे लाइन से पहले कुछ काम बाकी रह गया है। इसके अलावा अंडरपास के दोनों छोर पर छत बिछाने का काम रह गया है। इसके बाद सिर्फ फिनिशिंग का काम शेष रह जाएगा। अंडरपास का काम पूरा होने के बाद इसे उद्घाटन के बाद वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।
नैनीताल हाईवे पर अंडरपास का काम तेजी से चल रहा है। काफी हद तक काम पूरा कर लिया गया है। अंडरपास शुरू होने से दोनों क्रासिंग बंद कर दी जाएंगी और जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी।
- संजीव शर्मा, सीनियर डीसीएम इज्जतनर मंडल
यह भी पढ़ें- सावधान: बरेली-शाहजहांपुर हाईवे पर ये 5 जगहें बनीं \“यमराज का घर\“, सर्वे में हुआ खौफनाक खुलासा! |
|