search

J&K Weather: टूटा गर्मी का रिकॉर्ड, फरवरी में अप्रैल का अहसास; श्रीनगर और गुलमर्ग में अब तक का सबसे अधिकतम तापमान दर्ज

Chikheang 1 hour(s) ago views 483
  

श्रीनगर और गुलमर्ग में अब तक का सबसे अधिकतम तापमान दर्ज।  



जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में फरवरी माह के दौरान ही तापमान में असामान्य बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। घाटी से लेकर जम्मू संभाग तक अधिकांश क्षेत्रों में पारा सामान्य से 2 से 10 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर रहा।जिससे फरवरी में ही अप्रैल जैसी गर्मी महसूस होने लगी है।

मौसम में यह अचानक बदलाव खासकर किसानों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है, क्योंकि इस वर्ष अब तक बारिश नाममात्र ही दर्ज की गई है।शनिवार को कई मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान ने पुराने रिकार्ड तोड़ दिए।

श्रीनगर में 21 फरवरी को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो फरवरी माह में अब तक का सबसे ज्यादा रिकार्ड तापमान है। इससे पहले 24 फरवरी 2016 को 20.6 डिग्री सेल्सियस का रिकार्ड दर्ज हुआ था।

वहीं, विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग में भी फरवरी महीने का नया रिकार्ड बना। यहां अधिकतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि इससे पहले 11 फरवरी 1993 को 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था।

दक्षिण कश्मीर के कुकर्नाग में 18.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जो फरवरी महीने का दूसरा सर्वाधिक तापमान है। यहां अब तक का सर्वाधिक रिकार्ड 29 फरवरी 2016 को 18.4 डिग्री सेल्सियस रहा है।

शनिवार को जम्मू का अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6.7 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

भद्रवाह का अधिकतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 7.3 डिग्री ऊपर था और न्यूनतम 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।माता वैष्णो देवी आधार शिविर कटड़ा में अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 4.9 डिग्री अधिक रहा।

श्रीनगर में अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य 11 डिग्री के मुकाबले 10 डिग्री अधिक रहा।काजीगुंड में अधिकतम तापमान 20.0 डिग्री और न्यूनतम 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 10.1 डिग्री ऊपर रहा।

पहलगाम का अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 7.5 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान -2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पर्यटन स्थल गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य 2 डिग्री के मुकाबले 9.5 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान -0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिक मोहिंद्र सिंह ने कहा कि यदि फरवरी में ही इस प्रकार तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहता है और वर्षा की कमी बनी रहती है, तो इसका असर गेहूं, सरसों व बागवानी फसलों पर पड़ सकता है। समय से पहले गर्मी बढ़ने से फसलों की बढ़वार और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर के अनुसार, अगले छह दिनों में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और वृद्धि होने की संभावना है। फरवरी में इस तरह की असामान्य गर्मी ने लोगों को हैरान कर दिया है और विशेषज्ञ इसे बदलते मौसम पैटर्न का संकेत मान रहे हैं।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
165901