LHC0088 • Yesterday 16:57 • views 851
बलिया में किन्नर रेखा की गला दबाकर हत्या, 5.5 लाख रुपये और गहने बरामद, पुलिस ने सुलझाई गुत्थी।
जागरण संवाददाता, बैरिया(बलिया)। क्षेत्र में रानीगंज बाजार में एक व्यवसायी के घर पर बक्से में किन्नर रेखा का शव मिलने के बाद पुलिस घटना की गहनता से जांच कर रही है। पैसे के लेनदेन में किन्नर रेखा की हत्या रानीगंज निवासी रवि गुप्ता द्वारा गला दबाकर की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि की गई है। क्षेत्राधिकारी बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से ही मामले का राजफाश हुआ है।
किन्नर के गहने को लेकर लोग कई तरह का सवाल उठा रहे थे। पुलिस ने शनिवार को साढे पांच लाख रुपये नकद सहित 30 सोने के आभूषण, 39 चांदी का आभूषण भरत छपरा निवासी रशीद मियां के घर से बरामद कर उसे रेखा के उत्तराधिकारी किन्नर साथी को सौंप दिया है। रशीद मियां के घर किन्नर रेखा काफी समय से रहती थी। किन्नर की हत्या में मृतक रवि की पत्नी मोना सहयोगी थी। साक्ष्य को छुपाने में रवि के पिता विजय गुप्ता व चाची का भी सहयोग था। जिसके चलते सभी को जेल जाना पड़ा। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद तथ्य सामने आया है।
17 फरवरी को फोन करके किन्नर को बुलाया था घर
17 फरवरी को रवि ने फोन करके अपने पिता को अपनी दुकान पर बुलाया था और कहा था कि उसे बैंक जाना है। पिता दुकान पर बैठे थे। दुकान के बाहर सीसीटीवी फुटेज में किन्नर को जाते हुए देखा गया है। मृत व्यवसायी रवि भी बैंक जाने के बजाय अपने घर चला जाता है। किन्नर रेखा भी उसके पीछे-पीछे उसके घर जाती है। यह सब सीसीटीवी कैमरा में दिखाई दे रही है। काल डिटेल के अनुसार पैसा देने को कहकर रेखा किन्नर को रवि ने अपने घर बुलाया था। उसके मकान में निचले तल पर पिता उसके ऊपरी तल पर चाची का परिवार, मां तथा भाई आकाश रहते थे।
सबसे ऊपर चौथे तल पर रवि अपनी शादी के बाद एक कमरे में रहता था। वहीं पर एक टूटा-फूटा कमरा था। जिसमें एक बक्सा रखा हुआ था। वहीं पर रेखा किन्नर का गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को बक्से में डाल दिया था। पुलिस के मुस्तैदी व कठिन पूछताछ के कारण उसे शव को ठिकाने लगाने का मौका नहीं मिला। जिसके कारण पुलिस के डर से उसने आत्महत्या कर लिया। रवि ने किन्नर रेखा से कितना पैसा लिया था। इसकी जानकारी नहीं हो सकी है, लेकिन जानकारी मिली है कि मोटी रकम उसने रेखा किन्नर से दुकान खोलने के लिए लिया था। पुलिस मामले का आरोप पत्र जल्द ही न्यायालय में दाखिल करेगी। |
|