LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 905
छात्र घर छोड़ने से पहले मां के नाम भावुक पत्र लिखकर गया
संवादसूत्र, कटेया (गोपालगंज)। थाना क्षेत्र के पकड़ी मिश्राइन गांव से लापता इंटर के छात्र निखिल कुमार गुप्ता का पांच दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। 18 वर्षीय छात्र घर छोड़ने से पहले मां के नाम भावुक पत्र लिखकर गया था। पत्र में उसने संन्यासी जीवन अपनाने और मानसिक कष्ट झेलने की बात कही है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस लगातार छात्र की तलाश में छानबीन कर रही है। मोबाइल जांच में मिले संदिग्ध सर्च ने चिंता और बढ़ा दी है। परिजनों के अनुसार उन्हें वृंदावन से एक कॉल प्राप्त हुआ। कॉल करने वाले ने बताया कि छात्र एक बाबा के पास बैठा हुआ है।
मां के नाम भावुक पत्र छोड़कर निकला
परिजनों के अनुसार 16 फरवरी की रात छात्र भोजन कर अपने कमरे में सोने चला गया था। रात करीब दो बजे मां ने देखा तो वह बिस्तर पर था।
सुबह पांच बजे उठाने पहुंचीं तो कमरा खाली मिला।
पहले लगा कि परीक्षा देने गया होगा, लेकिन वह केंद्र पर पहुंचा ही नहीं। बाद में कमरे से मां के नाम लिखा पत्र मिला। पत्र में 600 रुपये लेकर संन्यास लेने की बात लिखी गई थी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
छात्र के पिता लकवाग्रस्त हैं और घर की जिम्मेदारी उसी पर थी। परिवार को उम्मीद थी कि वह पढ़-लिखकर सहारा बनेगा। पत्र पढ़ने के बाद से मां की हालत लगातार खराब है। ग्रामीण भी घटना से स्तब्ध हैं।
पांच दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। परिजन लगातार पुलिस से जल्द खोजबीन की मांग कर रहे हैं।
मोबाइल जांच में मिले जीवन-मृत्यु से जुड़े सर्च
पुलिस सूत्रों के अनुसार छात्र के मोबाइल की ब्राउजिंग हिस्ट्री खंगाली गई है। इसमें जीवन और मृत्यु से जुड़े कई सवाल सर्च किए गए मिले हैं। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।
सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। परिवार को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। मनोवैज्ञानिक पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है।
यूपी सीमा की ओर जाने की आशंका
पूछताछ में एक ऑटो चालक ने बताया कि छात्र सुबह करीब चार बजे उसके वाहन से यूपी सीमा की ओर गया था। इसके बाद उसका कोई स्पष्ट पता नहीं चल सका। पुलिस रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
उत्तर प्रदेश पुलिस से भी समन्वय स्थापित किया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि कांड संख्या 103/26 दर्ज कर तलाश तेज कर दी गई है। लोगों से अपील है कि कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
यह भी पढ़ें- \“मम्मी, मैं हार गई…\“ लिखकर, BPSC महिला शिक्षिका ने फंदे से लटककर दी जान |
|