कैप्शन: मारुति सुजुकी की दूसरी यूनिट में अप्रैल से शुरू होगा उत्पादन (फाइल फोटो)
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। आइएमटी खरखौदा में मारुति सुजुकी की नई छह हजार करोड़ रुपये के निवेश वाली यूनिट में उत्पादन अप्रैल 2026 से आरंभ हो जाएगा। मारुति सुजुकी ने फरवरी 2025 में आइएमटी खरखौदा में 9413 करोड़ रुपये के निवेश के साथ वाणिज्यिक उत्पादन शुरू किया था।
तभी नई इकाई में भी छह हजार करोड़ रुपये का निवेश किया गया था। आइएमटी सोहना में एटीएल बैटरी टेक्नोलाजी द्वारा दुनिया की सबसे बड़ी लिथियम-आयन बैटरी यूनिट की पहली इकाई में सितंबर 2025 में तीन हजार करोड़ रुपये के निवेश के साथ उत्पादन शुरू किया जा चुका है। इसके अलावा, हरियाणा सरकार ने दिसंबर 2027 तक सभी सरकारी भवनों पर सौर ऊर्जा प्रणालियां स्थापित करने की घोषणा की है।
हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने बजट सत्र में अपने अभिभाषण के दौरान जानकारी दी कि राज्य ने 2.75 लाख करोड़ रुपये के कुल निर्यात और एक लाख 61 हजार 707 करोड़ रुपये के माल निर्यात (मर्चेंडाइज एक्सपोर्ट) के साथ नया एक्सपोर्ट बेंचमार्क बनाया जा चुका है।
जैसे-जैसे ग्लोबल सप्लाई चेन निरंतर विकसित हो रही है, राज्य का एनसीआर क्षेत्र एक बड़े लाजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित हो रहा है। वर्ष 2023-24 में राज्य का कुल निर्यात 2.75 लाख करोड़ रुपये के ऐतिहासिक आंकड़े को छू गया है।
हरियाणा सरकार ने ‘मेरी फसल-मेरा ब्योरा’ पोर्टल को खाद के लिए पंजीकरण कराने की योजना लागू कर खाद की कालाबाजारी रोकने में सफलता हासिल की है। आठ अक्टूबर 2025 से 11 फरवरी 2026 के बीच यूरिया की खपत 1 लाख 28 हजार 231 टन और डीएपी की खपत 24 हजार 168 मीट्रिक टन कम हुई है। |
|