search

विश्वनाथ धाम के अर्चकों का वेतन और सुविधाएं होंगी बेहतर, नई नियुक्तियों का होगा मार्ग प्रशस्त

cy520520 1 hour(s) ago views 317
  

विश्वनाथ धाम के अर्चकों का वेतन बढ़ेगा, नई नियुक्तियां भी होंगी; कई विकास प्रस्ताव मंजूर।  



जागरण संवाददाता, वाराणसी। यदि सब कुछ सही रहा, तो श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के अर्चकों का वेतन और सुविधाएं जल्द ही बेहतर होंगी। इसके साथ ही, आवश्यकतानुसार नए अर्चकों और कर्मियों की नियुक्तियों का मार्ग भी प्रशस्त होगा। शुक्रवार को मंडलायुक्त सभागार में श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास परिषद की 109वीं और श्रीकाशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद की 15वीं बैठक मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में अर्चकों की सेवा संबंधी शर्तों में सुधार सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।

बैठक में पूर्व बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि की गई और अनुमोदित एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए। मंदिर न्यास परिषद की बैठक में यह तय किया गया कि मंदिर न्यास में कार्यरत अर्चकों की सेवा शर्तों के संबंध में न्यास परिषद और अर्चकों के मध्य अनुबंध प्रस्ताव लाया जाएगा। इसके अलावा, मंदिर परिसर स्थित अन्नपूर्णा मंदिर का सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा।

बैठक में ललिता घाट पर स्थापित प्रोजेक्टर के संचालन की शुरुआत, श्रीसंकट हरण हनुमान मंदिर, बेनीपुर सारनाथ में संचालित गौशाला के सभी व्यय का भार मंदिर न्यास द्वारा वहन करने और प्रत्येक प्रदोष तिथि पर गौवंश के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था का प्रस्ताव भी पारित किया गया। प्राचीन संस्कृत पाठशाला उस्तापुर महमूदाबाद (जनपद प्रयागराज) के भूखंड के चारों ओर चहारदीवारी निर्माण, कालेश्वरनाथ मंदिर सकलडीहा चंदौली के रिक्त भूखंड पर कक्ष, रसोईघर एवं स्नानागार निर्माण तथा जर्जर भवन की मरम्मत के प्रस्ताव को भी अनुमोदित किया गया।

साथ ही, बेनीपुर सारनाथ के श्रीसंकट हरण हनुमान मंदिर और सकलडीहा के श्रीकालेश्वरनाथ मंदिर में विद्युत व्यवस्था एवं सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत के लिए एजेंसी चयन के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं के बैठने की व्यवस्था के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई।

विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद ने भी गत वर्ष की बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि की। परिषद की बैलेंस शीट, धाम स्थित बहुद्देशीय सभागार के लाभ-साझाकरण, धाम परिसर के 50 प्रतिशत शौचालयों को भारतीय शैली में परिवर्तित करने, परिसर में संचालित दुकानों की विद्युत दरों को निश्चित करने, धाम स्थित सिटी म्यूजियम एवं वाराणसी गैलरी में 3डी इमर्सिव संग्रहालय के संचालन के लिए प्रारूप प्रस्तुत करने के लिए कंसल्टेंट चयन और टेंसाइल शेडिंग कार्य के प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई।

बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, उपाध्यक्ष वीडीए, न्यास परिषद के पदेन सदस्य सचिव/ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा, प्रमुख सचिव (न्याय) एवं विधि परामर्शी, मुख्य कोषाधिकारी, अपर पुलिस उपायुक्त (सुरक्षा) और जगद्गुरु शंकराचार्य महासंस्थानम् दक्षिणाम्नाय, शारदापीठम् श्रृंगेरी भारतीतीर्थ महास्वामी के प्रतिनिधि सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
161074